Uttarakhand Weather Alert: अगले 24 घंटे भारी बारिश की चेतावनी, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तराखंड में मौसम का अलर्ट, अगले 24 घंटे भारी बारिश की चेतावनी के साथ कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
तेज हवाओं, गरज-चमक और ओलावृष्टि की चेतावनी के बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे को बताया संवेदनशील, पर्वतीय क्षेत्रों में 6 जून तक बिगड़ा रहेगा मौसम का मिजाज
देहरादून | उत्तराखंड मौसम अपडेट: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह बिगड़ा हुआ है। प्रदेश में पहाड़ से लेकर मैदान तक अलग-अलग क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला लगातार जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
प्रदेशभर में बारिश का रिकॉर्ड
रविवार शाम 8:30 बजे तक दर्ज आंकड़ों के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।
सबसे अधिक बारिश चंपावत में 31 मिमी दर्ज हुई। इसके अलावा कौसानी में 30 मिमी, कालाढूंगी में 27.5 मिमी, गणाई गंगोली में 26 मिमी, कांडा में 21.5 मिमी और बागेश्वर में 21 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
इसके साथ ही टनकपुर, रामनगर, लोहाघाट, गंगोलीहाट, पंचेश्वर, रुद्रप्रयाग, जागेश्वर, उखीमठ, बेरीनाग, द्वाराहाट और कर्णप्रयाग सहित कुमाऊं एवं गढ़वाल मंडल के तमाम इलाकों में भी अच्छी बारिश दर्ज हुई।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटे में राज्य के कई जनपदों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।
इसके साथ ही कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान की भी आशंका जताई गई है।
ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने छह जिलों—देहरादून, टिहरी, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर—में कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और बिजली चमकने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं हरिद्वार और उधम सिंह नगर सहित अन्य जनपदों में बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पर्वतीय जनपदों में मौसम का यह खराब दौर फिलहाल 6 जून तक जारी रहने की संभावना है।
हालांकि मैदानी क्षेत्रों में 2 जून से मौसम में आंशिक सुधार देखने को मिल सकता है।
तापमान में गिरावट से राहत
प्रदेश में 2 जून तक तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है, हालांकि बारिश और तेज हवाओं का असर बना रहेगा।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


