Haldwani News: सरस मेले में मंडलायुक्त दीपक रावत ने पहाड़ी गीत गाकर लूटी महफिल, झूम उठे दर्शक
सरस मेले की सांस्कृतिक संध्या में पहाड़ी गीत गाते मंडलायुक्त दीपक रावत।
मंडलायुक्त ने लोकप्रिय कुमाऊंनी गीत सुनाकर दर्शकों का जीता दिल, सांस्कृतिक संध्या में 51 किलो फूलों से हुई फूलों की होली।
हल्द्वानी, 28 नवंबर 2026। पंचम दिवस सरस आजीविका मेले की सांस्कृतिक संध्या में कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत का अलग ही अंदाज देखने को मिला। उन्होंने अपनी गायन प्रतिभा से दर्शकों का दिल जीत लिया। मंडलायुक्त ने लोकप्रिय कुमाऊंनी गीत ‘लाल चुन्नी, कुर्ती यो तेरी काली, त्वे देखी सीटी ताली, बजूँछी पूरी थल की बाज़ारा’ गाकर ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उनकी प्रस्तुति पर दर्शक भी उत्साह से झूम उठे।
इस अवसर पर मंडलायुक्त दीपक रावत ने कहा कि ऐसे मेलों में अधिक से अधिक लोगों को प्रतिभाग करना चाहिए और अपनी जरूरत के अनुसार यहां उपलब्ध उत्पादों की खरीदारी करनी चाहिए। इससे स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने के साथ उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा आजीविका के नए अवसर और संसाधन विकसित करने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि सरस आजीविका मेले में विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट और दुर्लभ उत्पादों को देखने एवं खरीदने का अवसर मिल रहा है। ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के साथ उत्पादकों को अपने उत्पादों की पहचान बनाने, बिक्री बढ़ाने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं।
मेयर गजराज बिष्ट ने कहा कि मेले भारत की प्राचीन सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा हैं। ये केवल मनोरंजन के माध्यम नहीं, बल्कि दूर-दराज के क्षेत्रों से आए लोगों के मेल-मिलाप, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के महत्वपूर्ण केंद्र भी हैं। उत्तराखंड में वर्षभर अलग-अलग क्षेत्रों में आयोजित होने वाले मेले हमारी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं।
उन्होंने कहा कि सरस आजीविका मेला दिन-प्रतिदिन अपनी ख्याति बढ़ा रहा है। एक सकारात्मक विचार पूरे समाज में बदलाव लाने की क्षमता रखता है। विचारों की शक्ति और सकारात्मक सोच का महत्व समझाते हुए उन्होंने कुम्हार की कहानी का उदाहरण भी दिया। अपनी बात को शायरी के अंदाज में विराम देते हुए उन्होंने कहा, “मेरे मोहल्ले में बहुत सारे आलीशान मकान हैं, न जाने क्यों तेरा टूटा हुआ मकान पसंद आया।”
सांस्कृतिक संध्या में आँचल कला केंद्र, हल्द्वानी की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। केंद्र के कलाकारों ने लोकप्रिय गीत ‘कान्हा मोहे ऐसो बनायो मोर, नाचूँ ता-ता थई-थई’ पर राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की। इस दौरान 51 किलोग्राम फूलों से भव्य फूलों की होली खेली गई। रंग-बिरंगे फूलों की वर्षा और राधा-कृष्ण के मनमोहक नृत्य ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुति ने मेले की शाम को यादगार बना दिया।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


