Pauri Accident News: खाई में गिरी इको कार, 8 की मौत; CM धामी ने घायलों के एयरलिफ्ट के दिए निर्देश
पौड़ी में खाई में गिरी इको कार, हादसे में आठ लोगों की मौत।
सिद्धखाल से गांव लौट रही थीं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं, कलवाड़ी बैंड के पास हुआ भीषण हादसा; मुख्यमंत्री धामी ने घायलों को एयरलिफ्ट करने के दिए निर्देश
पौड़ी गढ़वाल, 28 नवंबर 2026। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। रिखणीखाल विकासखंड के सिद्धखाल-कलवाड़ी-सतपुली मार्ग पर कलवाड़ी बैंड के पास एक इको कार अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। मृतकों में सात महिलाएं शामिल हैं। सभी महिलाएं एक ही गांव भंगलवाड़ की रहने वाली थीं और स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हुई थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को रिखणीखाल विकासखंड के कोटनाली-भंगलवाण क्षेत्र की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं बैंक संबंधी काम से सिद्धखाल गई थीं। काम पूरा करने के बाद सभी इको कार से अपने गांव भंगलवाड़ लौट रही थीं। वाहन के मालिक अनिल देवराड़ा ही कार चला रहे थे। बताया जा रहा है कि गांव पहुंचने से पहले कलवाड़ी बैंड के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में कार सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी आठ मृतकों के शव खाई से बाहर निकाले गए, जबकि चार घायलों को सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए प्राथमिक चिकित्सा केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया।
हादसे में सात महिलाओं समेत आठ की मौत, मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कांती देवी (45) पत्नी दिनेश चंद्र, रेखा देवी (42) पत्नी प्रेम सिंह, वाहन चालक अनिल देवराड़ा (48) पुत्र जयानंद, सुमित्रा देवी (50) पत्नी रमेश सिंह, सुनीता देवी (45) पत्नी मदन सिंह, धनेश्वरी देवी (46) पत्नी किशन चंद्र, सरोजनी देवी (38) पत्नी मोहन सिंह और रजनी देवी (25) के रूप में हुई है। सभी मृतक भंगलवाड़ गांव के निवासी बताए गए हैं।
चार लोग घायल, अस्पताल में चल रहा उपचार
दुर्घटना में चार लोग घायल हुए हैं। घायलों की पहचान शशी देवी (35) पत्नी गजेंद्र सिंह, शकुंतला देवी (45) पत्नी महेंद्र सिंह, जगदीश सिंह पुत्र भोपाल सिंह और सत्यवती देवी (36) पत्नी जगदीश सिंह के रूप में हुई है। सभी घायल भंगलवाड़ गांव के निवासी हैं। घायलों को प्राथमिक चिकित्सा केंद्र रिखणीखाल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
लैंसडाउन थाने की सीओ अस्मिता के अनुसार, हादसे में आठ लोगों की मौत हुई है और चार लोग घायल हुए हैं। सभी मृतकों के शवों को खाई से बाहर निकाल लिया गया है। प्रशासन की ओर से घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख, घायलों को एयरलिफ्ट करने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी में हुई भीषण सड़क दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना में दिवंगत लोगों के शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
इस भीषण हादसे के बाद भंगलवाड़ गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक साथ आठ लोगों की मौत से ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों में गहरा दुख व्याप्त है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


