Rudraprayag Accident: शादी समारोह में जा रही ईको 350 मीटर गहरी खाई में गिरी, तीन की मौत, पांच घायल
रुद्रप्रयाग में वाहन दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाते SDRF जवान
कुरछोला से जखनोली जा रहे थे वाहन सवार, दो नाबालिग बच्चियां भी घायल; पुलिस और SDRF ने चलाया संयुक्त रेस्क्यू अभियान
रुद्रप्रयाग, 22 नवंबर 2026। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसा तिलवाड़ा-तैला मार्ग पर अर्जुन बैंड के पास हुआ, जहां एक ईको वाहन अनियंत्रित होकर करीब 350 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में चालक समेत आठ लोग सवार थे। सभी लोग विवाह समारोह में शामिल होने के लिए कुरछोला से जखनोली जा रहे थे। हादसे में दो नाबालिग बच्चियां भी घायल हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, रविवार 22 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे पुलिस कंट्रोल रूम रुद्रप्रयाग को तिलवाड़ा-तैला मार्ग पर अर्जुन बैंड के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। दुर्घटनाग्रस्त वाहन ईको था, जिसका पंजीकरण नंबर UK13TA-4410 बताया गया है। वाहन कुरछोला से जखनोली की ओर जा रहा था। इसी दौरान अर्जुन बैंड के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और SDRF की टीमें
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। SDRF पोस्ट रतूड़ा से उप निरीक्षक संतोष परिहार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। पुलिस, DDRF और फायर सर्विस की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर ने भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव अभियान की निगरानी की।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग भी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, SDRF, DDRF और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोगों के शवों को खाई से निकालकर सड़क मार्ग तक पहुंचाया और अग्रिम कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द किया।
चालक समेत तीन लोगों की गई जान
इस भीषण हादसे में वाहन चालक विजय सिंह पंवार उर्फ नत्थू (41) निवासी कुरछोला की मौत हो गई। उनके अलावा तैला गांव निवासी बसंती देवी (52) पत्नी कार्तिक और सुनीता देवी (35) पत्नी भरत सिंह ने भी हादसे में दम तोड़ दिया। हादसे की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर है।
दो नाबालिग बच्चियों समेत पांच घायल
हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों में सतपाल सिंह निवासी कुनियाली गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग ले जाया जा रहा था। वहीं, कुरछोला निवासी शिवानी (15) और दिव्यांशी (13) का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) जखोली में उपचार चल रहा है। इसके अलावा जखोली बड़मा निवासी अंजलि (26) और कुनियाली निवासी सुमीता भी घायल हुई हैं।
पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जिस तत्परता से पुलिस और बचाव दलों का सहयोग किया, उससे घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद मिली।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


