पिथौरागढ़ में बड़ा हादसा: 200 मीटर गहरी खाई में गिरा पिकअप वाहन, दो लोगों की मौत; रेस्क्यू के बाद निकाले गए शव
पिथौरागढ़ के मुनस्यारी-मिलम मार्ग पर रड़गाड़ी के पास गहरी खाई में गिरा पिकअप वाहन। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।
मुनस्यारी-मिलम मार्ग पर स्टेयरिंग फेल होने से हुआ हादसा, चालक सुरक्षित बचा; आठ घंटे तक चला संयुक्त रेस्क्यू अभियान
पिथौरागढ़। उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के मुनस्यारी-मिलम मोटर मार्ग पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रड़गाड़ी के पास सीमेंट लेकर लौट रही एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई और गोरी नदी के किनारे जा पहुंची। हादसे में वाहन में सवार दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक वाहन से बाहर छिटक जाने के कारण सुरक्षित बच गया।
जानकारी के अनुसार वाहन स्वामी कुंदन सिंह पांगती की पिकअप लास्पा गांव में सीमेंट पहुंचाने के बाद मुनस्यारी लौट रही थी। वाहन में चालक समेत तीन लोग सवार थे। शाम करीब पांच बजे रड़गाड़ी के समीप अचानक वाहन का स्टेयरिंग फेल हो गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे में चालक जगत मेहता पुत्र गिनी बैंड, निवासी तेजम, वाहन से बाहर छिटक गया। उसे मामूली चोटें आईं और उसकी जान बच गई। वहीं वाहन में सवार मनेंद्र राम (30) पुत्र उमेद राम, निवासी व्यांगी पांगू, तथा प्रकाश (28), मूल निवासी नेपाल एवं वर्तमान निवासी मुनस्यारी, वाहन के साथ खाई में गिर गए। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
क्षेत्र में संचार नेटवर्क उपलब्ध न होने के कारण सबसे पहले शाम 5:15 बजे आईटीबीपी को घटना की सूचना मिली। इसके बाद मुनस्यारी प्रशासन को अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही आईटीबीपी, एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
आईटीबीपी के निरीक्षक विकास मेहरा, जीडी विक्रम, एसडीआरएफ के उपनिरीक्षक सुनील चंद तथा पुलिस के एसआई नीरज चौहान के नेतृत्व में करीब आठ घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों शवों को दुर्गम खाई से निकालकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस के माध्यम से शवों को मुनस्यारी अस्पताल भेजा गया।
रेस्क्यू अभियान रात करीब 2:30 बजे पूरा हुआ, जबकि सुबह चार बजे शवों को तहसील मुख्यालय मुनस्यारी पहुंचाया गया। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। नेपाल निवासी मृतक प्रकाश के परिजनों के पहुंचने के बाद उसके शव का पंचनामा किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन रविवार को मिलम क्षेत्र में सीमेंट पहुंचाकर वापस लौट रहा था। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का स्टेयरिंग फेल होना बताया जा रहा है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


