UKPSC Exam Calendar: 11 भर्ती परीक्षाओं का शेड्यूल जारी, नवंबर से जुलाई 2027 तक होगा आयोजन
UKPSC ने नवंबर 2026 से जुलाई 2027 तक 11 भर्ती परीक्षाओं का शेड्यूल जारी किया।
आयोग ने 29 नवंबर 2026 से शुरू होने वाली परीक्षाओं की संभावित समय-सारिणी जारी की, विभिन्न विभागों में भर्ती के लिए जुलाई 2027 तक होंगी परीक्षाएं।
हरिद्वार, 28 नवंबर 2026: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अहम खबर है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने 11 भर्ती परीक्षाओं का संभावित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। इसके तहत नवंबर 2026 से जुलाई 2027 तक विभिन्न विभागों में भर्ती के लिए प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। आयोग ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर सभी परीक्षाओं की विस्तृत समय-सारिणी जारी की है।
29 नवंबर से शुरू होंगी परीक्षाएं
आयोग की ओर से जारी कैलेंडर के अनुसार, पहली परीक्षा 29 नवंबर 2026 को आयोजित होगी। इस दिन कार्मिक विभाग की उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 (प्रारंभिक परीक्षा) होगी। इसके बाद 6 दिसंबर 2026 को माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता परीक्षा-2025 की कला विषय की मुख्य परीक्षा (वस्तुनिष्ठ प्रकार) आयोजित की जाएगी।
27 दिसंबर 2026 को कार्मिक विभाग की उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/अवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 की प्रारंभिक परीक्षा प्रस्तावित है। वहीं, 6 जनवरी 2027 को उच्च न्यायालय नैनीताल के अधिष्ठान अनुभाग के लिए वैयक्तिक सहायक-2025 की वस्तुनिष्ठ एवं लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी।
अप्रैल और मई में भी होंगी महत्वपूर्ण परीक्षाएं
30 जनवरी 2027 को माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता परीक्षा-2025 की गृह विज्ञान विषय की मुख्य परीक्षा होगी। इसके बाद 25 अप्रैल 2027 को शहरी विकास विभाग के लिए कर एवं राजस्व निरीक्षक की लिखित एवं वस्तुनिष्ठ परीक्षा आयोजित की जाएगी।
पशुपालन विभाग में पशु चिकित्साधिकारी पदों के लिए 1 और 2 मई 2027 को लिखित परीक्षा प्रस्तावित है। वहीं, 8 से 14 मई 2027 तक ग्रामीण निर्माण, लघु सिंचाई, शहरी विकास, पेयजल और ऊर्जा समेत विभिन्न विभागों के लिए सहायक अभियंता (सिविल, यांत्रिक, विद्युत, कृषि और आईटी) की मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी।
मई से जुलाई तक इन पदों के लिए परीक्षा
30 मई 2027 को उत्तराखंड सचिवालय एवं उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के लिए समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा-2026 की स्क्रीनिंग/प्रारंभिक परीक्षा होगी। इसके बाद 6 जून 2027 को सचिवालय प्रशासन के अंतर्गत समीक्षा अधिकारी (लेखा) एवं सहायक समीक्षा अधिकारी (लेखा) परीक्षा-2026 की स्क्रीनिंग/प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी।

आयोग के कैलेंडर के अनुसार, 26 जून से 1 जुलाई 2027 तक लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण, लघु सिंचाई, शहरी विकास, कृषि और ऊर्जा समेत विभिन्न विभागों में कनिष्ठ अभियंता पदों के लिए मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी।
आयोग ने स्पष्ट किया संभावित है परीक्षा कैलेंडर
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडे के हस्ताक्षर से जारी परीक्षा कैलेंडर में स्पष्ट किया गया है कि सभी परीक्षा तिथियां संभावित हैं। आवश्यकता पड़ने पर इनमें बदलाव किया जा सकता है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा संबंधी अपडेट और विस्तृत जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


