Nainital News: एसएसपी मंजूनाथ टीसी और एसपी जगदीश चंद्र को भावभीनी विदाई, कार्यकाल की सराहना
स्थानांतरण पर दोनों पुलिस अधिकारियों को भावभीनी विदाई देते पुलिसकर्मी।
पुलिस परिवार की एकजुटता और टीम भावना को बताया सफलता का आधार, अधिकारियों ने कार्यकाल के अनुभव साझा किए
हल्द्वानी, 28 नवंबर 2026। नैनीताल जिले से स्थानांतरित हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी और एसपी डॉ. जगदीश चंद्र को हल्द्वानी में आयोजित समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने दोनों अधिकारियों के कार्यकाल, कार्यशैली और योगदान को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी का स्थानांतरण 31वीं वाहिनी पीएसी में हुआ है, जबकि एसपी डॉ. जगदीश चंद्र अब बागेश्वर में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभालेंगे। समारोह में एसएसपी मंजूनाथ टीसी के दृढ़ निर्णय लेने की क्षमता, प्रभावी पुलिस प्रबंधन और मानवीय संवेदनाओं की सराहना की गई। वहीं, एसपी जगदीश चंद्र के सरल स्वभाव, प्रभावी पुलिसिंग और कुशल यातायात प्रबंधन की भी प्रशंसा हुई।
अपने संबोधन में डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि पुलिस की सफलता में पूरे पुलिस परिवार की एकजुटता और टीम भावना की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि एक एसएसपी के लिए सबसे कठिन क्षण कानून-व्यवस्था या गंभीर अपराध की चुनौती नहीं, बल्कि अपने फोर्स के किसी सदस्य को संकट में देखना होता है।
उन्होंने ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए कांस्टेबल पुष्कर रौतेला का उल्लेख करते हुए बताया कि उपचार के दौरान तीन दिनों तक आईसीयू में चले संघर्ष के समय पुलिस लाइन और हल्द्वानी क्षेत्र के थाना-चौकी प्रभारियों सहित पुलिसकर्मियों ने तत्परता से सहयोग किया। रक्तदान से लेकर उपचार में हर संभव मदद के लिए पुलिसकर्मी रात-दिन जुटे रहे। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास और मजबूत जीवन ऊर्जा के चलते पुष्कर आज स्वस्थ और सुरक्षित हैं।
एसएसपी ने कहा कि नैनीताल जिले में मिली जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर काम किया। हर चुनौती और जिम्मेदारी को टीम भावना के साथ पूरा किया गया।
वहीं, एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने अपने लंबे सेवा अनुभव साझा करते हुए विभिन्न अधिकारियों और अधीनस्थ कर्मचारियों से मिली सीख का उल्लेख किया। उन्होंने एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस किसी भी कार्य को कर सकती है, लेकिन आपसी सौहार्द, सही ब्रीफिंग और बेहतर संवाद के साथ किया गया काम अधिक प्रभावी परिणाम देता है।
उन्होंने कहा कि बड़े आयोजनों, कानून-व्यवस्था और संवेदनशील ड्यूटी के दौरान एसएसपी ने कभी अनावश्यक दबाव नहीं बनाया। स्पष्ट दिशा-निर्देश देने के साथ अधीनस्थों को काम करने की स्वतंत्रता और भरोसा दिया। इससे टीम का मनोबल बढ़ा और कार्यक्षमता बेहतर हुई।
समारोह में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


