Nainital News: विधायक निधि का पत्र 16 दिन अटका, सीडीओ सख्त; अधिकारी से जवाब तलब
पत्रों के डिस्पैच में देरी पर सख्त हुए सीडीओ अरविन्द कुमार पाण्डेय।
सीडीओ अरविन्द कुमार पाण्डेय ने जताई कड़ी नाराजगी, तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरण
भीमताल (नैनीताल), 27 नवंबर। मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय ने जिला विकास कार्यालय में पत्रों के डिस्पैच में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यों में लेटलतीफी और जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि विभिन्न विभागों एवं व्यक्तियों की ओर से भेजे जाने वाले पत्र कार्यालय में प्राप्त होने के बाद समयबद्ध तरीके से संबंधित पटल पर प्रेषित नहीं किए जा रहे हैं। इसके चलते संबंधित प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई में अनावश्यक विलंब हो रहा है और कार्यालय के कामकाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से विधायक निधि से संबंधित एक प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि 11 नवंबर को हस्ताक्षर होने के बावजूद 27 नवंबर की अपराह्न तक संबंधित पत्र डिस्पैच नहीं किया गया। उन्होंने इस स्थिति को गंभीर बताते हुए कहा कि फाइल पर हस्ताक्षर होने के बाद भी पत्र को रोककर रखना सामान्य लापरवाही नहीं है। ऐसी छोटी-छोटी लापरवाहियां भ्रष्टाचार का विषय बनती हैं।
सीडीओ ने इस मामले में जिला विकास कार्यालय में तैनात वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्रीमती सीमा टम्टा से जवाब तलब किया है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि पत्र प्राप्ति के तीन दिनों के भीतर अपना तथ्यात्मक स्पष्टीकरण अधोहस्ताक्षरी के समक्ष प्रस्तुत करें।
मुख्य विकास अधिकारी ने दो टूक कहा कि कार्यालयीय कार्यों में अनावश्यक देरी और पदीय दायित्वों के प्रति शिथिलता को गंभीरता से लिया जाएगा।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


