Nainital News: बजरंग बली का आशीर्वाद लेकर IPS अर्पण यदुवंशी ने संभाला SSP नैनीताल का कार्यभार
नवागत एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने संभाला नैनीताल पुलिस की कमान
सिलक्यारा सुरंग रेस्क्यू अभियान के रहे हैं घटना कमांडर, SDRF और उत्तरकाशी में निभा चुके हैं अहम जिम्मेदारियां
हल्द्वानी। वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी अर्पण यदुवंशी ने शुक्रवार को नैनीताल जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) का कार्यभार ग्रहण कर लिया। जनपद आगमन पर उन्होंने सबसे पहले काठगोदाम स्थित श्री हनुमान मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद हल्द्वानी स्थित पुलिस कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार संभाला।
पुलिस कार्यालय पहुंचने पर सलामी गार्द ने उन्हें सलामी दी। इसके बाद नैनीताल पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
सिलक्यारा सुरंग रेस्क्यू अभियान में निभाई अहम भूमिका
आईपीएस अर्पण यदुवंशी अपने सेवाकाल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। उत्तरकाशी में पुलिस अधीक्षक रहते हुए उन्होंने करीब ढाई वर्ष तक कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान चारधाम यात्रा के अंतर्गत गंगोत्री और यमुनोत्री में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी कार्यकाल में सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान के घटना कमांडर के रूप में उन्होंने विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के अभियान का नेतृत्व किया।
SDRF के नेतृत्व में आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य
उत्तरकाशी के बाद उन्होंने सेनानायक, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) के रूप में करीब दो वर्ष तक जिम्मेदारी निभाई। उनके कार्यकाल में प्रयागराज महाकुंभ 2025 में SDRF की तैनाती और संचालन का नेतृत्व किया गया। वहीं अगस्त 2025 में धराली आपदा के दौरान SDRF ने 1,386 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया और 17 हजार लोगों तक भोजन पहुंचाया।
उनके नेतृत्व में SDRF उत्तराखंड को ISO 9001:2015 प्रमाणन प्राप्त हुआ। इस दौरान करीब 1.80 लाख लोगों को आपदा प्रबंधन और सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी किया उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व
अर्पण यदुवंशी ने BRICS आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया। सिलक्यारा बचाव अभियान के अनुभवों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा करने के साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय सुशासन केंद्र (NCGG), लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) और सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में आपदा प्रबंधन से जुड़े विषयों पर व्याख्यान भी दिए।
कई प्रतिष्ठित सम्मानों से हो चुके हैं सम्मानित
उनकी सेवाओं के लिए उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रशंसा-पत्र, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक 2024, महाकुंभ सेवा पदक 2025, अमेरिकी दूतावास का प्रशंसा पदक, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) से प्रशस्ति तथा पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर सहित कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
नवनियुक्त एसएसपी अर्पण यदुवंशी के अनुभव और अब तक के सेवाकाल में निभाई गई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को देखते हुए नैनीताल जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की दिशा में उनके नेतृत्व को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


