Udham Singh Nagar Crime: शराब पीने से रोकने पर सिक्योरिटी गार्ड की हत्या, तीन घायल
रुद्रपुर में चाकू से हमला कर सिक्योरिटी गार्ड की हत्या, तीन घायल।
रुद्रपुर के रेशमबाड़ी में भांजे से मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे 50 वर्षीय लीलाधर पर हमला, एसएसपी ने आधी रात बुलाई बैठक
रुद्रपुर, 27 नवंबर 2026। ऊधम सिंह नगर जिले में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस के प्रयासों के बीच रुद्रपुर के रेशमबाड़ी क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शराब के नशे में हंगामा कर रहे युवकों को रोकने और भांजे के साथ हो रही मारपीट में बीच-बचाव करने पहुंचे एक सिक्योरिटी गार्ड की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हमले में उनके भांजे समेत तीन अन्य लोग भी घायल हो गए। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रेशमबाड़ी निवासी 50 वर्षीय लीलाधर पुत्र बिहारी लाल एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत थे। बताया गया कि बीती शाम ड्यूटी पूरी करने के बाद वह घर लौट रहे थे। इसी दौरान घर के पास कुछ युवक शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे। युवकों की हरकतों पर लीलाधर के भांजे राहुल पुत्र विजेंद्र पाल ने आपत्ति जताते हुए उन्हें ऐसा करने से मना किया। इस बात को लेकर युवकों ने राहुल के साथ मारपीट शुरू कर दी।
भांजे के साथ मारपीट की जानकारी मिलते ही लीलाधर मौके पर पहुंचे और उसे बचाने के लिए बीच-बचाव करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने राहुल के अलावा रामअवतार पुत्र जौहरी लाल और अनुज पुत्र सुखदेव को भी चाकू मारकर घायल कर दिया। अचानक हुए हमले में चारों लोग लहूलुहान होकर गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, राहुल, रामअवतार और अनुज का उपचार शुरू किया गया। एक व्यक्ति की मौत और तीन लोगों के घायल होने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की तथा घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। उन्होंने बताया कि रमपुरा के रेशमबाड़ी क्षेत्र में स्थानीय युवकों और कुछ दूरी पर रहने वाले अन्य युवकों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान एक-दो युवकों ने चाकू से हमला किया, जिसमें लीलाधर की उपचार के दौरान मौत हो गई। घायलों से पूछताछ की जा रही है। मामले में अभियोग पंजीकृत कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उधर, घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने रात करीब 12 बजे पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर मामले की समीक्षा की। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


