256 लोगों के चेहरों पर लौटी मुस्कान, खोए मोबाइल वापस मिले तो गूंजा— ‘थैंक यू नैनीताल पुलिस’
गुमशुदा मोबाइल बरामद कर उनके स्वामियों को सौंपते एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी।
देश के विभिन्न राज्यों से बरामद किए गए 56.25 लाख लागत के 256 मोबाइल फोन, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने रिकवरी टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।

हल्द्वानी, 25 जून 2026। नैनीताल पुलिस ने एक बार फिर आम जनता का भरोसा जीतते हुए गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में संचालित मोबाइल रिकवरी अभियान के तहत अप्रैल 2026 से 24 जून 2026 तक कुल 256 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 56.25 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
नैनीताल पुलिस मोबाइल ऐप और भारत सरकार के सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए जनपद स्तर पर गठित मोबाइल ऐप सेल ने विभिन्न राज्यों में ट्रेस किए गए मोबाइल फोन बरामद किए। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले का संज्ञान लेते हुए मोबाइल रिकवरी टीम को गुम हुए मोबाइल फोन जल्द से जल्द खोजकर लोगों को वापस दिलाने के निर्देश दिए थे।
देश के कई राज्यों से बरामद किए गए मोबाइल
एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा मोबाइल ऐप (साइबर सेल) प्रभारी उपनिरीक्षक मीनू गौतम के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी विश्लेषण और सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोनों को ट्रेस किया। जांच के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से 256 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
बरामद मोबाइल फोन में आईफोन, सैमसंग, ओप्पो, वीवो, वनप्लस, रियलमी, रेडमी, पोको, मोटोरोला, इंफिनिक्स, टेक्नो और अन्य प्रमुख ब्रांड शामिल हैं।
मोबाइल वापस मिलते ही खिल उठे चेहरे
अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर सभी शिकायतकर्ताओं ने खुशी व्यक्त करते हुए नैनीताल पुलिस और मोबाइल रिकवरी टीम का आभार जताया। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल दोबारा मिल सकेगा, लेकिन पुलिस की तत्परता और तकनीकी दक्षता के कारण उनका सामान सुरक्षित वापस मिल गया।
इस सराहनीय उपलब्धि पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मोबाइल रिकवरी टीम को 2,500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। टीम में उपनिरीक्षक मीनू गौतम, कांस्टेबल किशन सिंह कुंवर तथा कांस्टेबल रामचंद्र प्रजापति शामिल रहे।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


