Dehradun News: मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू गिरफ्तार, जारी था गैर जमानती वारंट
गिरधारी लाल साहू की गिरफ्तारी के बाद मामले ने पकड़ा तूल।
मंत्री रेखा आर्या की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में एसआईटी ने झांसी से गिरधारी लाल साहू और उनके भतीजे सतेंद्र राठौर को गिरफ्तार किया।
देहरादून, 7 नवंबर 2026: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू को पुलिस ने झांसी से गिरफ्तार कर लिया है। उनके साथ भतीजे सतेंद्र राठौर को भी एसआईटी ने हिरासत में लिया है। दोनों की गिरफ्तारी मंत्री रेखा आर्या की शिकायत पर दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान हुई है। गिरफ्तारी के बाद इस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बीती 15 अक्टूबर को देहरादून के कैंट थाने में अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि साहू ने पहले से शादीशुदा होने की बात छिपाकर उनसे शादी की और बाद में उन्हें लगातार प्रताड़ित किया। इसके अलावा, धोखाधड़ी और जालसाजी के जरिए उन्हें अपनी चार कंपनियों के निदेशक पद से हटाने का भी आरोप लगाया गया है।
फर्जी हस्ताक्षर और दस्तावेजों से जुड़ा है मामला
प्राथमिकी के मुताबिक, कंपनियों से मंत्री रेखा आर्या को बाहर करने के लिए उनके फर्जी हस्ताक्षर और कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात जया बलोनी की अध्यक्षता में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई थी। जांच के दौरान एसआईटी ने आरोपी के करीबियों से पूछताछ की और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।
गैर जमानती वारंट के बाद भी पुलिस को दे रहा था चकमा
गिरधारी लाल साहू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और एसआईटी की टीमें कई दिनों से तलाश में जुटी थीं। उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी किया गया था। इस दौरान उसके नेपाल भागने की चर्चाएं भी सामने आईं, जिसके बाद पुलिस ने नेपाल की एजेंसियों से संपर्क साधा। आखिरकार पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरधारी लाल साहू का आपराधिक इतिहास भी खंगाला गया है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के बरेली समेत विभिन्न स्थानों पर करीब 50 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। आरोपी पूर्व में भी कई बार जेल जा चुका है। गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


