Pithoragarh Crime: लिव-इन में रह रही महिला का धारचूला में मिला शव, हत्या की आशंका
धारचूला में महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी, हत्या की आशंका।
पुलिस को आरोपी के घर से मिले खून के धब्बे, बेटे की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज; गिरफ्तारी के प्रयास जारी।
पिथौरागढ़, 7 नवंबर 2026। सीमांत क्षेत्र धारचूला में 33 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। महिला का शव खोतिला जाने वाले पुल के पास बरामद हुआ। उसके सिर और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक व्यक्ति के घर के भीतर खून के धब्बे मिलने से मामला गंभीर हो गया है। मृतका के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह 6:39 बजे धारचूला कोतवाली को खोतिला जाने वाले पुल के पास एक महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की पहचान नेपाल के दार्चुला जिले के सुनसेरा निवासी 33 वर्षीय मीना लोहार, पत्नी मोहन राम के रूप में हुई।
तीन साल से देवराज के साथ रह रही थी महिला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मीना पिछले करीब तीन वर्षों से अपने पति से अलग होकर खोतिला निवासी देवराज नबियाल के साथ रह रही थी। पुलिस ने जांच के क्रम में देवराज के घर की तलाशी ली तो बेड और फर्श पर खून के धब्बे मिले। इसके बाद फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। जांच टीम ने खून लगे फर्श के टुकड़े, तकिया और गद्दे के कपड़े कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित किए।
बेटे की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज
धारचूला कोतवाली के एसआई अंबी राम के अनुसार, मृतका के बेटे सुभाष राम की शिकायत पर देवराज नबियाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। वहीं, महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए शुक्रवार शाम पिथौरागढ़ भेज दिया गया।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के निष्कर्षों से महिला की मौत से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


