Uttarkashi News: केदारताल हिमस्खलन में अब तक सात शव बरामद, एक लापता की तलाश जारी
केदारताल हिमस्खलन के बाद दुर्गम हिमालयी क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाती रेस्क्यू टीम।
भारी बर्फबारी और दुर्गम परिस्थितियों के बीच SDRF-NIM की संयुक्त टीम का सर्च ऑपरेशन जारी, शुक्रवार को तीन और शव बरामद किए गए।
उत्तरकाशी, 7 नवंबर 2026: उत्तरकाशी के दुर्गम केदारताल ट्रेक क्षेत्र में हुए हिमस्खलन हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। शुक्रवार को एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) की संयुक्त रेस्क्यू टीम ने बर्फ में दबे तीन और ट्रेकर्स के शव बरामद किए। इससे पहले चार शव मिल चुके थे। हादसे में लापता आठ लोगों में से अब तक सात के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक व्यक्ति की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर को केदारताल ट्रेक से लौट रहा ट्रेकर्स का दल अचानक हिमस्खलन की चपेट में आ गया था। भारी बर्फबारी और हिमस्खलन के चलते आठ लोग लापता हो गए थे। हादसे के बाद से ही एसडीआरएफ और एनआईएम की संयुक्त टीमें दुर्गम हिमालयी क्षेत्र में लगातार सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही हैं।
शुक्रवार, 6 नवंबर को सैटेलाइट फोन के माध्यम से मिली सूचनाओं के आधार पर रेस्क्यू टीम ने लापता लोगों के संभावित ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर बर्फ में दबे तीन पुरुषों के शव बरामद किए गए। टीम ने तीनों शवों को सुरक्षित बेस कैंप पहुंचाया। इसके बाद हेलीकॉप्टर के माध्यम से मातली हेलीपैड लाया गया, जहां से शवों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।
अब तक बरामद सात शवों में पांच पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। इससे पहले मिले चार शवों में दो पुरुष और दो महिलाएं थीं, जबकि शुक्रवार को बरामद तीनों शव पुरुषों के हैं।
कठिन परिस्थितियों में जारी है रेस्क्यू अभियान
केदारताल का उच्च हिमालयी क्षेत्र बेहद दुर्गम है। भारी बर्फबारी, प्रतिकूल मौसम और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के कारण रेस्क्यू अभियान में लगातार मुश्किलें आ रही हैं। इसके बावजूद सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के दिशा-निर्देशन में टीमें एनआईएम और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर अभियान चला रही हैं।
रेस्क्यू टीमें अब शेष एक लापता व्यक्ति की तलाश में जुटी हैं।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


