Lalkuan News: पत्नी को सरप्राइज देने घर आया युवक, सुबह मौत की खबर से मातम में बदलीं खुशियां
पत्नी का जन्मदिन मनाने घर आए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है। (प्रतीकात्मक फोटो)
हरिद्वार की फैक्ट्री में करता था नौकरी, पत्नी को सरप्राइज देने छुट्टी लेकर पहुंचा था घर; पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी मौत की वजह स्पष्ट

हल्द्वानी/लालकुआं। पत्नी का जन्मदिन मनाने और उसे सरप्राइज देने हरिद्वार से घर आए 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह जब वह अलार्म बजने के बाद भी नहीं उठा तो परिजनों ने उसे तत्काल हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, हल्दूचौड़ (दीना डी क्लास) निवासी कमल आर्य (30) हरिद्वार स्थित हीरो कंपनी में कार्यरत था। उसकी शादी इसी वर्ष 30 अप्रैल को बिंदुखत्ता निवासी युवती से हुई थी। गुरुवार को उसकी पत्नी का जन्मदिन था, जिसे खास बनाने के लिए कमल छुट्टी लेकर हरिद्वार से अपने घर पहुंचा था। रात में परिवार ने मिलकर जन्मदिन मनाया और भोजन के बाद कमल सोने चला गया।
शुक्रवार सुबह उसे ड्यूटी पर लौटना था। इसके लिए लालकुआं से सुबह छह बजे की ट्रेन पकड़नी थी। कमल ने पत्नी से समय पर जगा देने को कहा था और मोबाइल में अलार्म भी लगाया था। सुबह अलार्म बजने के बावजूद जब वह नहीं उठा तो पत्नी ने उसे जगाने का प्रयास किया, लेकिन उसके शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। घबराई पत्नी के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल अस्पताल ले गए।
डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय में चिकित्सकों ने जांच के बाद कमल को मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर चिकित्सकों ने साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
बताया गया कि कमल अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शादी के महज ढाई महीने बाद हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


