Lalkuan News: बेरीपड़ाव में सड़क पार कर रहे 55 वर्षीय व्यक्ति को वाहन ने कुचला, मौत
बेरीपड़ाव हाईवे पर सड़क हादसे के बाद बढ़ी चिंता
गोरापड़ाव-हल्दूचौड़ हाईवे पर हादसा, अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी लालकुआं पुलिस
लालकुआं, 03 अक्टूबर 2026। गोरापड़ाव से हल्दूचौड़ के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के समीप सड़क पार कर रहे 55 वर्षीय व्यक्ति को लालकुआं से हल्द्वानी की ओर जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर अचेत हो गया। सूचना पर पहुंची लालकुआं पुलिस ने 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से उसे हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर घायल हुआ व्यक्ति
मृतक की पहचान नेपाल निवासी किशन चौधरी (55) के रूप में हुई है। बताया गया कि किशन चौधरी लंबे समय से मोटाहल्दू स्थित विनोद स्टोन क्रेशर में चौकीदार के पद पर कार्यरत था और वर्तमान में अपने बेटे के साथ वहीं रह रहा था।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को किशन चौधरी बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के समीप सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान लालकुआं की ओर से हल्द्वानी की तरफ जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही अचेत हो गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और प्रत्यक्षदर्शियों ने लालकुआं पुलिस को सूचना दी। पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घायल को 108 एंबुलेंस सेवा से डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय हल्द्वानी भेजा, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, वाहन की तलाश जारी
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, गोरापड़ाव से हल्दूचौड़ के बीच हाईवे पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर क्षेत्रवासियों ने चिंता जताई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वाहन की पहचान होने के बाद चालक के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


