Nainital News: आंचल दूध के दाम बढ़े, पनीर-क्रीम भी महंगे; देखें नई रेट लिस्ट
आंचल दूध और दुग्ध उत्पादों की नई दरें 20 नवंबर से लागू।
20 नवंबर से लागू होंगी नई दरें, क्रीम के एक किलो पैक पर 50 रुपये की सबसे अधिक बढ़ोतरी; दूध की विभिन्न श्रेणियों के दाम भी बढ़े।
लालकुआं, 19 नवंबर 2026। महंगाई का असर अब आंचल ब्रांड के दूध और दुग्ध उत्पादों पर भी पड़ने जा रहा है। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने दूध, पनीर, क्रीम और चाय स्पेशल सहित 13 उत्पादों की नई मूल्य सूची जारी कर दी है। संशोधित दरें 20 नवंबर 2026 से लागू होंगी। नई दरों के बाद उपभोक्ताओं को कई उत्पादों के लिए पहले से अधिक कीमत चुकानी होगी।
दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा की ओर से जारी मूल्य सूची के अनुसार विभिन्न उत्पादों की कीमतों में दो रुपये से लेकर 50 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। सबसे अधिक इजाफा आंचल क्रीम के एक किलोग्राम पैक में हुआ है। इसकी कीमत 530 रुपये से बढ़ाकर 580 रुपये कर दी गई है।
दूध की विभिन्न श्रेणियों के दाम बढ़े
आंचल गोल्ड फुल क्रीम मिल्क के छह लीटर पैक की कीमत 426 रुपये से बढ़ाकर 450 रुपये और शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क के छह लीटर पैक की कीमत 355 रुपये से बढ़ाकर 372 रुपये कर दी गई है। वहीं गोल्ड फुल क्रीम दूध की दर 72 रुपये से बढ़ाकर 76 रुपये प्रति लीटर, गाय के दूध की 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर तथा शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 63 रुपये प्रति लीटर निर्धारित की गई है।
इसी तरह शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क की 500 मिलीलीटर पैकिंग की दर 62 रुपये से बढ़ाकर 64 रुपये प्रति लीटर और डबल टोंड मिल्क की दर 54 रुपये से बढ़ाकर 56 रुपये प्रति लीटर की गई है। डबल टोंड दूध के 170 मिलीलीटर पैक की कीमत भी 10 रुपये से बढ़ाकर 12 रुपये कर दी गई है।
पनीर और चाय स्पेशल की कीमतों में भी संशोधन
आंचल पनीर के 180 ग्राम पैक की कीमत 80 रुपये से बढ़ाकर 85 रुपये कर दी गई है। चाय स्पेशल के एक लीटर पैक की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 62 रुपये निर्धारित की गई है। वहीं 350 मिलीलीटर वाले पैक की मात्रा घटाकर 320 मिलीलीटर और 170 मिलीलीटर वाले पैक की मात्रा घटाकर 150 मिलीलीटर कर दी गई है। इन दोनों पैक की कीमतें क्रमशः 20 रुपये और 10 रुपये ही रखी गई हैं।
20 नवंबर से लागू होंगी नई दरें
गौरतलब है कि इससे पहले 12 नवंबर 2026 को अमूल, मदर डेयरी समेत अन्य दुग्ध कंपनियों ने भी दूध और दुग्ध उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। अब आंचल दुग्ध संघ की ओर से भी नई मूल्य सूची जारी किए जाने के बाद 20 नवंबर से संशोधित दरों पर बिक्री होगी।
संघ ने स्पष्ट किया है कि नई मूल्य सूची में शामिल उत्पादों के अतिरिक्त अन्य दूध एवं दुग्ध उत्पादों की कीमतों में फिलहाल कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।

— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


