Haldwani News: राष्ट्रीय सरस मेले की तैयारियां तेज, 20 नवंबर से स्टॉल पंजीकरण शुरू
हल्द्वानी में 24 नवंबर से शुरू होगा राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला।
24 नवंबर से 3 दिसंबर तक एमबी इंटर कॉलेज मैदान में लगेगा मेला, देशभर के स्वयं सहायता समूहों के करीब 250 स्टॉल होंगे आकर्षण का केंद्र।
हल्द्वानी, 19 नवंबर 2026: एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले की तैयारियों को लेकर गुरुवार को खंड विकास कार्यालय हल्द्वानी में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं और विभागीय तैयारियों की समीक्षा की गई।
मेले में देशभर से आने वाले स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन के लिए करीब 250 स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न विभागों के स्टॉल भी स्थापित किए जाएंगे। बैठक में जानकारी दी गई कि स्टॉल लगाने के इच्छुक स्वयं सहायता समूहों का ऑफलाइन पंजीकरण 20 नवंबर से एमबी इंटर कॉलेज मैदान में शुरू होगा। संबंधित समूहों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीकरण कराने की अपील की गई है।
बैठक में स्टॉल आवंटन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग, चिकित्सा सुविधा और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रचार-प्रसार की तैयारियों पर भी विचार-विमर्श हुआ। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय सरस मेला ग्रामीण महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण मंच है। मेले में विभिन्न राज्यों के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यंजनों को भी प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे उन्हें व्यापक पहचान मिल सकेगी।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


