Haldwani News: नगर आयुक्त ने 15 वार्डों में किया औचक निरीक्षण, गैरहाजिर कर्मियों पर कार्रवाई
नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने पांच टीमों के साथ किया औचक निरीक्षण।
पांच टीमों ने सुबह अलग-अलग वार्डों में जांची सफाई व्यवस्था, कई सफाई कर्मचारी और सफाई नायक ड्यूटी से मिले अनुपस्थित।
हल्द्वानी, 19 नवम्बर 2026: नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं सफाई कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को नगर आयुक्त आशिमा गोयल के नेतृत्व में पाँच अलग-अलग टीमों द्वारा विभिन्न वार्डों में प्रातःकालीन औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त आसिमा गोयल द्वारा स्वयं वार्ड संख्या 3, 4 एवं 6 का निरीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त नगर निगम के अन्य अधिकारियों की चार टीमों द्वारा वार्ड नंबर 11, 17, 18, 25, 26, 27, 34, 36, 37, 57, 58 एवं 60 में सफाई व्यवस्था एवं कर्मचारियों की उपस्थिति का जायजा लिया गया।निरीक्षण के दौरान विभिन्न वार्डों में कई सफाई कर्मचारी एवं सफाई नायक अपने निर्धारित कार्यस्थलों से अनुपस्थित पाए गए। इस पर नगर आयुक्त द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को अनुपस्थित कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी सफाई कर्मचारी एवं सफाई नायक निर्धारित समय पर अपने कार्यस्थल पर उपस्थित होकर पूर्ण कार्यावधि में अपने दायित्वों का निर्वहन करें। साथ ही सभी कर्मचारियों द्वारा समयबद्ध उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। नगर आयुक्त ने कहा कि “शहर की सफाई व्यवस्था नगर निगम का चेहरा होती है। स्वच्छ एवं व्यवस्थित शहर न केवल नगर निगम की कार्यप्रणाली को दर्शाता है, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर एवं शहर की छवि से भी सीधे तौर पर जुड़ा होता है। इसलिए सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।”
नगर आयुक्त गोयल ने यह भी स्पष्ट किया कि शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार हेतु इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी निरंतर जारी रहेंगे तथा सफाई व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


