हल्द्वानी: 129 नशीले इंजेक्शन के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार, ‘ऑपरेशन प्रहार’ में बड़ी कार्रवाई
एसएसपी के निर्देश पर पूरी रात चला सघन अभियान, 107 संदिग्धों का सत्यापन, 8 नशे में चालक गिरफ्तार
हल्द्वानी,14 अप्रैल 2026: जनपद नैनीताल में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और नशे के खिलाफ अभियान को तेज करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार जारी है।
इसी क्रम में 13 अप्रैल 2026 को बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के गफूर बस्ती में चेकिंग के दौरान पुलिस और SOTF कुमाऊं की संयुक्त टीम ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 129 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी महबूब उर्फ माकू (28 वर्ष) पुत्र मुख्तियार अहमद के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/22 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही 6 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इसके अलावा पुलिस ने आर्म्स एक्ट के एक वारंटी सुरेश चंद्र जोशी को भी गिरफ्तार किया है।

पूरे जिले में चलाए गए सघन अभियान के दौरान 107 संदिग्धों का सत्यापन किया गया। पुलिस एक्ट और अन्य धाराओं में कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि 11 असामाजिक तत्वों को हिरासत में लिया गया।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी सख्ती दिखाते हुए 81 चालान किए गए, 14 वाहन सीज किए गए और 3 ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई। नशे में वाहन चलाने पर 8 चालकों को गिरफ्तार किया गया।
सुरक्षा के मद्देनजर 82 होटल, ढाबों और क्लबों की भी गहन चेकिंग की गई।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि “ऑपरेशन प्रहार का उद्देश्य जनपद को अपराध और नशा मुक्त बनाना है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


