Haldwani News: महिला की मौत मामले में पहलवान गिरफ्तार, गर्दन हिलाने से मौत का आरोप
गैर इरादतन हत्या के मामले में आरोपी नईम पहलवान पुलिस गिरफ्त में
मालिश के दौरान गर्दन हिलाने के बाद बिगड़ी थी महिला की हालत, इलाज के दौरान हुई मौत; पुलिस ने आरोपी नईम पहलवान को गिरफ्तार कर जेल भेजा
हल्द्वानी। कालाढूंगी रोड पर इलाज के नाम पर महिला की गर्दन की मालिश और उसे हिलाने के बाद हुई मौत के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने आरोपी झोलाछाप नईम उर्फ नईम पहलवान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया था। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर 2026 को टाउन धानमिल, हल्द्वानी निवासी राम चन्द्र ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि 3 अक्टूबर को गुरुद्वारा वाली गली, कालाढूंगी रोड निवासी नईम उर्फ नईम पहलवान द्वारा इलाज करने के नाम पर उनकी पत्नी मीनाक्षी टम्टा, उम्र 24 वर्ष, का इलाज किया जा रहा था। इसी दौरान उनकी पत्नी की मृत्यु हो गई।
तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में FIR No. 338/2026, धारा 105 BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में आरोपी के फरार होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने उसकी गिरफ्तारी के लिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देशों के क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने लगातार पतारसी-सुरागरसी और तलाश करते हुए आरोपी नईम उर्फ नईम पहलवान को उसकी दुकान के पास से गिरफ्तार कर लिया।
मालिश के दौरान गर्दन हिलाने का आरोप
परिजनों के अनुसार, मीनाक्षी की गर्दन में पिछले कई महीनों से दर्द था और उसका उपचार भी चल रहा था। 3 अक्टूबर को वह गर्दन की मालिश कराने के लिए कालाढूंगी रोड स्थित नईम पहलवान के पास पहुंची थीं। पति रामचंद्र ने आरोप लगाया था कि मालिश के बाद पहलवान ने उनकी पत्नी की गर्दन को जोर से हिला दिया, जिसके बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ गई और वह बेसुध हो गईं।
परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पति ने पुलिस को तहरीर देकर संबंधित व्यक्ति पर लापरवाही का आरोप लगाया था।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम
उपनिरीक्षक संजीत राठौड़, चौकी प्रभारी हीरानगर; हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल ललित गोस्वामी गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में शामिल रहे।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


