Haldwani News: स्कूटी चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
काठगोदाम में स्कूटी चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस टीम
काठगोदाम पुलिस ने चोरी की TVS Ntorq समेत एक अन्य दूसरी स्कूटी भी बरामद की, मुखानी क्षेत्र की चोरी से भी जुड़ा मामला
हल्द्वानी। काठगोदाम थाना पुलिस ने स्कूटी चोरी की एक घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो स्कूटी बरामद की हैं। इनमें काठगोदाम क्षेत्र से चोरी की गई TVS Ntorq स्कूटी के अलावा मुखानी क्षेत्र से संबंधित एक अन्य TVS Ntorq स्कूटी शामिल है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद में अपराधों की रोकथाम और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी लव शर्मा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चोरी की घटना का खुलासा किया।
घर के सामने खड़ी स्कूटी हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को वसीम पुत्र अनीस अहमद, निवासी मिर्जा कम्पाउंड, काठगोदाम ने थाना काठगोदाम में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर की रात उन्होंने अपनी TVS Ntorq स्कूटी संख्या UK04AJ6814 घर के सामने खड़ी की थी। 1 अक्टूबर की सुबह करीब पांच बजे स्कूटी मौके से गायब मिली। तहरीर के आधार पर थाना काठगोदाम में मुकदमा अपराध संख्या 122/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक दिलीप कुमार को सौंपी गई।
सुरागरसी के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से वादी की चोरी की गई TVS Ntorq स्कूटी बरामद हुई। इसके साथ ही मुखानी कोतवाली क्षेत्र से संबंधित एक अन्य काले रंग की TVS Ntorq स्कूटी, जो बिना नंबर प्लेट की थी, भी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, दूसरी स्कूटी के संबंध में कोतवाली मुखानी में मुकदमा अपराध संख्या 172/26 दर्ज है, जिसमें मनीष राठौर वादी हैं। चोरी की संपत्ति बरामद होने के आधार पर काठगोदाम के मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने करन पाठक (20), निवासी आरटीओ रोड, पाल कॉलेज के पास, लालपुर नायक, थाना मुखानी; दीपक शर्मा (19), निवासी फूलचौड़ इंटर कॉलेज के पास, आरटीओ रोड, थाना मुखानी; और योगेश कुमार आर्या (21), निवासी प्रेमपुर लोश्ज्ञानी, ज्वालाजी गैस गोदाम के पास, थाना मुखानी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
चोरी की घटना के खुलासे में उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, हेड कांस्टेबल सुरेश चंद्र, कांस्टेबल हरीश प्रसाद, कांस्टेबल योगेश कुमार और कांस्टेबल मनीष राणा शामिल रहे।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


