देहरादून: शिकायत पर सीएम धामी का बड़ा एक्शन, जाखन पहुंच वीडियो कॉल पर अफसरों को दिखाई हकीकत
देहरादून ,17 अप्रैल 2026। सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों को सिर्फ फाइलों तक सीमित न रखकर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को खुद जमीनी हकीकत परखने का संदेश दिया। समीक्षा बैठक से पहले ही मुख्यमंत्री सीधे देहरादून के जाखन क्षेत्र पहुंच गए और शिकायत की मौके पर जांच की।

जाखन निवासी विवेक मदान ने राजपुर रोड पर विद्युत लाइन को अंडरग्राउंड करने के दौरान फुटपाथ को हुए नुकसान की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि पहले बनाए गए फुटपाथ को यूपीसीएल द्वारा खुदाई कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया और ठीक से भरान न होने के कारण टाइल्स धंस गई हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है।
मोबाइल से अधिकारियों को दिखाई स्थिति
मौके पर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ता को साथ लिया और अपने मोबाइल फोन से ही अधिकारियों को वीडियो कॉल कर फुटपाथ की वास्तविक स्थिति दिखाई। इस दौरान उन्होंने कार्य में लापरवाही पर नाराजगी जताई और स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंडरग्राउंड लाइन होने के बावजूद कई जगह तार बाहर दिखाई दे रहे हैं, जो आम लोगों के लिए खतरा बन सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि बिना योजना के बार-बार कार्य करने से जनता को परेशानी और सरकारी धन की बर्बादी होती है।
प्रदेश भर में चलेगा अभियान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वे आगे भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में इस तरह औचक निरीक्षण करेंगे। उन्होंने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को निर्देश दिए कि प्रदेश में जहां-जहां ऐसी शिकायतें मिल रही हैं, उन्हें चिन्हित कर अभियान चलाकर दूर किया जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों और निवासियों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


