Uttarakhand Weather: भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, SEOC ने सभी जिलों को जारी किए बड़े निर्देश
उत्तराखंड में भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के बीच प्रशासन ने सभी जिलों में सतर्कता बढ़ाई
बागेश्वर-पिथौरागढ़ में 29 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी; 31 अगस्त और 1 सितंबर को भी कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, ट्रेकिंग और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही पर विशेष सावधानी
देहरादून, 29 अगस्त 2026। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून की ओर से 29 अगस्त को जारी पूर्वानुमान के आधार पर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कई अन्य जिलों में भारी बारिश, गर्जन और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
SEOC ने मौसम की संभावित स्थिति को देखते हुए सभी जिलाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने और आपदा से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
29 अगस्त को बागेश्वर-पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट
29 अगस्त को बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की आशंका जताई गई है।
देहरादून, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। राज्य के अन्य जिलों में भी तेज से अति तेज बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
31 अगस्त को चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 31 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, चमोली और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। इस दौरान गर्जन और आकाशीय बिजली के साथ बारिश का अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर आने की संभावना है।
टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
1 सितंबर को देहरादून-टिहरी में ऑरेंज अलर्ट
1 सितंबर को देहरादून और टिहरी में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली के साथ बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की चेतावनी दी है।
इसके अलावा पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और हरिद्वार में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
ट्रेकिंग और पर्यटकों की आवाजाही पर विशेष सावधानी
भारी बारिश और खराब मौसम की संभावना को देखते हुए SEOC ने पर्वतीय जिलों में बरसात के दौरान ट्रेकिंग की अनुमति नहीं देने के निर्देश दिए हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में असामान्य मौसम और भारी बारिश की चेतावनी के दौरान पर्यटकों की आवाजाही पर भी विशेष रोक और निगरानी रखने को कहा गया है।
सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश
SEOC ने जिलाधिकारियों को आपदा की स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन और व्यवस्थाएं तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन की IRS प्रणाली से जुड़े अधिकारी और विभागीय नोडल अधिकारी हाई अलर्ट पर रहेंगे।
पुलिस चौकियों और थानों को आपदा संबंधी उपकरणों तथा वायरलेस सेट के साथ तैयार रखने को कहा गया है। NH, PWD, PMGSY, ADB, BRO, WB और CPWD समेत संबंधित विभागों को सड़क बाधित होने की स्थिति में तत्काल मार्ग खोलने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मैदानी क्षेत्रों में नालियों और कलवर्ट की सफाई के निर्देश
राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहेंगे। अधिकारियों और कर्मचारियों को मोबाइल फोन बंद नहीं रखने तथा वाहनों में बरसाती, छाता, टॉर्च और हेलमेट जैसे आवश्यक उपकरण रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर एवं कस्बाई क्षेत्रों में नालियों और कलवर्ट में मौजूद अवरोधों को तत्काल हटाने को कहा गया है। बारिश के कारण लोगों के फंसने की स्थिति में खाद्य सामग्री और मेडिकल सुविधाओं की व्यवस्था रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।
विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालयों में भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

मौसम चेतावनी आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश
SEOC ने जिला सूचना अधिकारियों को मौसम संबंधी चेतावनियों को दृश्य एवं प्रिंट मीडिया के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं, ताकि संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों में लोग समय रहते सतर्क हो सकें।
आपदा की स्थिति में इन नंबरों पर दें सूचना
आपदा की स्थिति में राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष/SEOC के इन नंबरों पर तत्काल सूचना दी जा सकती है—
फोन: 0135-2710335, 2664314, 2664315, 2664316
फैक्स: 0135-2710334, 2664317
टोल फ्री: 1070
मोबाइल: 9058441404, 8218867005
यह भी पढ़ें..…

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


