Nainital News: बिंदुखत्ता राजस्व गांव पर उच्चस्तरीय बैठक में होगा मंथन, इस दिन हो सकता है बड़ा फैसला
बिंदुखत्ता राजस्व गांव की मांग पर मुख्यमंत्री से मिले प्रतिनिधिमंडल के सदस्य।
27 नवंबर को मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव की मौजूदगी में होगी उच्चस्तरीय बैठक, 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से वार्ता के बाद आंदोलनकारियों ने धरना जारी रखने का किया ऐलान।
लालकुआं, 23 नवंबर 2026। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच अब 27 नवंबर की तारीख अहम मानी जा रही है। इस दिन प्रस्तावित उच्चस्तरीय बैठक में बिंदुखत्ता राजस्व गांव के मामले पर निर्णय लिए जाने की उम्मीद है। सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात के बाद लौटे 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में वन अधिकार संगठन और पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल थे। वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिए जाने के मामले में मुख्य सचिव से दूरभाष पर बातचीत की। इस पर मुख्य सचिव ने आगामी 27 नवंबर को होने वाली उच्चस्तरीय बैठक में इस विषय पर निर्णय लिए जाने की बात कही।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि बिंदुखत्ता की इस समस्या का जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही 27 नवंबर को होने वाली बैठक के परिणाम को लेकर सकारात्मक उम्मीद जताई गई है।
आंदोलन जारी रखने का ऐलान
मुख्यमंत्री से वार्ता के बाद वन अधिकार संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि 27 नवंबर को होने वाली बैठक तक आंदोलन पूर्ववत जारी रहेगा। बिंदुखत्ता में चल रहा क्रमिक धरना-प्रदर्शन भी जारी रखा जाएगा। इसके अलावा संगठन की ओर से पहले से निर्धारित कार्यक्रम भी यथावत संचालित होंगे। पदाधिकारियों ने कहा कि 27 नवंबर की बैठक के परिणाम के बाद ही आंदोलन की आगामी रणनीति तय की जाएगी।
गौरतलब है कि सोमवार को लालकुआं में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वन अधिकार संगठन और पूर्व सैनिक संगठन के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की थी। इस दौरान 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिए जाने की मांग प्रमुखता से उठाते हुए मुख्यमंत्री के समक्ष अपना पक्ष रखा था।
फिलहाल बिंदुखत्ता के हजारों लोगों की निगाहें 27 नवंबर को होने वाली उच्चस्तरीय बैठक पर टिकी हैं। इस बैठक में होने वाला निर्णय लंबे समय से राजस्व गांव के दर्जे की मांग कर रहे क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


