Uttarakhand News: शासन ने छह IAS अधिकारियों के विभागों में किया फेरबदल, नई जिम्मेदारियां सौंपीं
उत्तराखंड शासन ने छह IAS अधिकारियों के विभागीय दायित्वों में किया बदलाव।
शासनादेश के अनुसार छह IAS अधिकारियों के विभागीय दायित्वों में बदलाव, कुछ अधिकारियों से अतिरिक्त प्रभार वापस लेकर अन्य को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
देहरादून, 17 नवंबर 2026। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के छह अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-1 की ओर से 17 नवंबर 2026 को जारी स्थानांतरण एवं तैनाती संबंधी आदेश के तहत अधिकारियों के वर्तमान विभागीय दायित्वों में संशोधन किया गया है। इस फेरबदल में कुछ अधिकारियों से विभागों का प्रभार वापस लिया गया है, जबकि कुछ को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
शासनादेश के अनुसार, नितेश कुमार झा (IAS-2002), जो सचिव शहरी विकास एवं पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, उनसे सचिव पंचायती राज विभाग का प्रभार वापस ले लिया गया है। वहीं, सी. रविशंकर (IAS-2009), जो औद्योगिक विकास एवं वन, पर्यावरण संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन विभाग के सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, उन्हें सचिव सैनिक कल्याण विभाग का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।
इसी क्रम में युगल किशोर पंत (IAS-2009), जो सचिव संस्कृति, सैनिक कल्याण एवं सचिवालय प्रशासन विभाग के साथ महानिदेशक संस्कृति की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, उनसे सैनिक कल्याण विभाग का प्रभार वापस ले लिया गया है। वहीं, उमेश नारायण पांडेय (IAS-2010), जो सचिव पुनर्गठन एवं भाषा विभाग के साथ अन्य जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं, उन्हें सचिव पंचायती राज विभाग की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा विनीत कुमार (IAS-2013), जो अपर सचिव लोक निर्माण, श्रम, आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, उन्हें निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, देहरादून तथा प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
वहीं, सुश्री दीप्ति सिंह (IAS-2017), जो निदेशक खेल एवं युवा कल्याण के साथ निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, देहरादून और प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम की जिम्मेदारी संभाल रही थीं, उनसे अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के निदेशक और प्रबंध निदेशक के दोनों पदों का प्रभार वापस ले लिया गया है।

शासन की ओर से जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को अपने वर्तमान कार्यभार से अवमुक्त होकर नई जिम्मेदारी ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कार्यभार ग्रहण करने की सूचना कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-1, उत्तराखंड शासन को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


