Uttarakhand Jobs: उत्तराखंड में 1694 सरकारी नौकरियों का मौका, 25 नवंबर से आवेदन शुरू
उत्तराखंड में 1694 पदों पर सरकारी भर्ती के लिए आवेदन 25 नवंबर से शुरू।
25 नवंबर से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन, 4 अप्रैल 2027 को प्रस्तावित है लिखित परीक्षा
देहरादून, 17 नवंबर 2026। Uttarakhand Government Jobs 2026: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने प्रदेश के विभिन्न विभागों में समूह ‘ग’ के 1694 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। इस भर्ती अभियान में पुलिस, पीएसी, आईआरबी, अग्निशमन, वन विभाग, कारागार प्रशासन, सचिवालय, आबकारी और परिवहन विभाग सहित 11 श्रेणियों के पद शामिल हैं।
आयोग की ओर से 17 नवंबर 2026 को जारी विज्ञापन के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 नवंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 25 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र में संशोधन के लिए 28 से 30 दिसंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। वहीं, लिखित प्रतियोगी परीक्षा की संभावित तिथि 4 अप्रैल 2027 तय की गई है।
पुलिस विभाग में सबसे अधिक पद
इस भर्ती में उत्तराखंड पुलिस के अंतर्गत जनपदीय पुलिस आरक्षी (पुरुष) के 464 और जनपदीय पुलिस आरक्षी (महिला) के 238 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा पीएसी/आईआरबी में पुरुष आरक्षियों के 284 पदों पर भर्ती होगी। अग्निशमन विभाग में पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए फायरमैन के 201 पद रखे गए हैं।
वन विभाग में वन आरक्षी के 171 और स्पेशल टाइगर गार्ड के 75 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। वहीं, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा विभाग में बंदीरक्षक के 117 और महिला बंदीरक्षक के 27 पद शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त सचिवालय प्रशासन में सचिवालय रक्षक के 54, आबकारी विभाग में आबकारी सिपाही के 45 और परिवहन विभाग में परिवहन आरक्षी के 18 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस तरह सभी 11 श्रेणियों को मिलाकर कुल 1694 पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
21,700 से 69,100 रुपये तक वेतनमान
आयोग के विज्ञापन के अनुसार सभी पदों के लिए वेतनमान 21,700 से 69,100 रुपये प्रतिमाह (लेवल-03) निर्धारित किया गया है। भर्ती के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
आवेदन के दौरान इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
ऑनलाइन आवेदन के साथ अभ्यर्थियों को नाम और जन्मतिथि के सत्यापन के लिए हाईस्कूल प्रमाण-पत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा आधार कार्ड के दोनों तरफ की छायाप्रति भी अपलोड करनी होगी। आरक्षण से संबंधित श्रेणी एवं उपश्रेणी के प्रमाण-पत्र और पर्वतीय क्षेत्र का प्रमाण-पत्र भी आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रस्तुत करना होगा।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 नवंबर से शुरू होकर 25 दिसंबर 2026 तक चलेगी। आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि सुधारने के लिए अभ्यर्थियों को 28 से 30 दिसंबर तक अवसर दिया जाएगा। इसके बाद 4 अप्रैल 2027 को लिखित प्रतियोगी परीक्षा प्रस्तावित है।

भर्ती से संबंधित पात्रता, आयु सीमा, शैक्षिक योग्यता, शारीरिक मानक, चयन प्रक्रिया और अन्य जरूरी शर्तों की विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी UKSSSC की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर जारी मूल विज्ञापन देख सकते हैं।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


