Rudraprayag News: गहरी खाई में गिरी बोलेरो, चार की मौत; आठ साल की बच्ची समेत छह घायल
रुद्रप्रयाग में बोलेरो हादसे के बाद रातभर चला रेस्क्यू अभियान
चार घायलों की हालत गंभीर; प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर
रुद्रप्रयाग, 17 नवंबर 2026। जनपद रुद्रप्रयाग में एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ साल की बच्ची समेत छह लोग घायल हो गए। हादसा ऊखीमठ क्षेत्र के कण्डारा मोटर मार्ग पर हनुमान मंदिर के समीप हुआ, जहां सवारियों से भरी बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में चालक समेत कुल 10 लोग सवार थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन संख्या UK13 TA 1013 सोमवार रात्रि में कण्डारा मोटर मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान हनुमान मंदिर के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीआरएफ, डीडीआरएफ ऊखीमठ, पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया।
सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर सघन रेस्क्यू अभियान शुरू किया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और गहरी खाई होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा। बचाव दलों ने रातभर अभियान चलाकर सभी 10 लोगों को खाई से बाहर निकाला। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल अवस्था में मिले।
घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया, जबकि दो घायलों को सामान्य चोटें आई हैं। वहीं, मृतकों के शव आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजे गए हैं।
हादसे में इन चार लोगों की गई जान
दुर्घटना में जान गंवाने वालों में कुंवर सिंह (60 वर्ष) और मदन सिंह (40 वर्ष), निवासी रांसी, ऊखीमठ; सूरज सिंह (42 वर्ष), निवासी दैड़ा, ऊखीमठ तथा बलवीर सिंह (70 वर्ष), निवासी गैड़ (बस्टी), ऊखीमठ शामिल हैं।
आठ साल की बच्ची समेत छह घायल
हादसे में उम्मेद सिंह राणा (52 वर्ष), राजेंद्र सिंह (56 वर्ष) और लविश राणा (25 वर्ष), निवासी रांसी; वंशिका (8 वर्ष), निवासी कांथा; उर्मिला देवी (33 वर्ष), निवासी चिलौण्ड़ तथा पूजा देवी (34 वर्ष), निवासी कांथा घायल हुए हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार, दुर्घटना के बाद तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पहाड़ में हुए इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


