उत्तराखंड में वनाग्नि पर सख्ती: फायर सीजन से पहले पूरी हों तैयारियां, प्रिडिक्शन मॉडल बनाने के निर्देश
मुख्य सचिव की उच्चस्तरीय बैठक में विभागों को अलर्ट—पिरूल निस्तारण, फायर हाइड्रेंट सिस्टम और उपकरणों की मॉनिटरिंग पर जोर
देहरादून, 15 अप्रैल 2026। उत्तराखंड में वनाग्नि की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक कर संबंधित विभागों को अहम निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि फायर सीजन से पहले जनवरी माह तक सभी तैयारियां अनिवार्य रूप से पूरी कर ली जाएं।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि वनाग्नि से संबंधित सभी समितियों और स्टेकहोल्डर्स के साथ आवश्यक बैठकें समय से आयोजित कर ली जाएं, ताकि फायर सीजन में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने प्रदेश में स्थापित फायर हाइड्रेंट्स के लिए समर्पित प्रेशर पाइपलाइन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके लिए पेयजल विभाग को शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है।
उन्होंने वन विभाग को विशेष अभियान चलाकर वनाग्नि रोकथाम से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही, वाहनों और उपकरणों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने और सभी लीसा डिपो में सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन पर भी जोर दिया।
बैठक में वन, मौसम और वन सर्वेक्षण संस्थान को आपदा प्रबंधन की तर्ज पर फॉरेस्ट फायर के लिए प्रिडिक्शन मॉडल तैयार करने के निर्देश दिए गए। इससे संभावित वनाग्नि की घटनाओं का पूर्वानुमान लगाकर समय रहते रोकथाम की जा सकेगी और नुकसान को कम किया जा सकेगा।
मुख्य सचिव ने जंगलों में गिरने वाले पिरूल के निस्तारण और पिरूल ब्रिकेट उत्पादन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पिरूल ब्रिकेट को वैकल्पिक ईंधन के रूप में स्थापित करने के लिए अधिक से अधिक यूनिट स्थापित की जाएं। इससे जहां वनाग्नि की घटनाओं में कमी आएगी, वहीं स्वयं सहायता समूहों की आय में वृद्धि होगी और इसे कार्बन क्रेडिट से जोड़ने की भी संभावनाएं बनेंगी।
बैठक में दिलीप जावलकर, पंकज कुमार पाण्डेय, सुशांत कुमार पटनायक, पराग मधुकर धकाते, सी. रविशंकर, विनोद कुमार सुमन और रणवीर सिंह चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जनपदों से जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


