Kedarnath Yatra 2026: सोनप्रयाग में शटल सेवा और लाइन व्यवस्था पर प्रशासन की सतत निगरानी, अफवाहों से बचने की अपील
सोनप्रयाग में केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं और शटल सेवा का निरीक्षण करते पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी।
सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं पर न दें ध्यान, केवल आधिकारिक जानकारी पर करें भरोसा: डीएसपी विकास पुण्डीर
रुद्रप्रयाग, 11 मई 2026। श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के संयुक्त नेतृत्व में यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक विकास पुण्डीर ने सोनप्रयाग क्षेत्र में संचालित यात्रा व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अधिकारियों द्वारा लगातार स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्रेशन काउंटरों पर यात्रियों की सुविधा के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं और पुलिस बल द्वारा श्रद्धालुओं की लाइन को व्यवस्थित ढंग से संचालित कराया जा रहा है।
शटल सेवा को लेकर पुलिस सतर्क
डीएसपी विकास पुण्डीर ने बताया कि सोनप्रयाग से गौरीकुंड तक संचालित शटल सेवा को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं को क्रमबद्ध तरीके से शटल सेवा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे यात्रा संचालन व्यवस्थित बना हुआ है।
अफवाहों से बचने की अपील
पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि सोशल मीडिया पर यात्रा व्यवस्थाओं और लाइन प्रबंधन को लेकर कुछ भ्रामक एवं तथ्यहीन सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं और आमजन से अपील की कि ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और यात्रा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल प्रशासन एवं पुलिस विभाग के आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सहज और व्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है, जिसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ लगातार कार्य कर रहे हैं।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



उत्तराखंड साप्ताहिक मौसम पूर्वानुमान (11 से 17 मई): तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट, ऑरेंज और येलो वार्निंग जारी