सूचना विभाग में सहायक निदेशक ललिता प्रसाद भट्ट को सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई
सूचना विभाग में सेवानिवृत्त सहायक निदेशक ललिता प्रसाद भट्ट को विदाई समारोह में शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट करते अधिकारी।
दीर्घ, समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों ने दी शुभकामनाएं, स्मृति चिन्ह भेंट कर किया सम्मानित

देहरादून, 30 मई 2026। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, उत्तराखण्ड के मुख्यालय में आज सहायक निदेशक ललिता प्रसाद भट्ट के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके दीर्घ, समर्पित एवं उत्कृष्ट शासकीय सेवाकाल को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
कार्यक्रम में अपर निदेशक आशिष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस.चौहान, डॉ. नितिन उपाध्याय, वरिष्ठ वित्त अधिकारी शशि सिंह उप निदेशक रवि विजारनिया, बद्री चंद सहित विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने श्री भट्ट को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर अपने संबोधन में अपर निदेशक आशिष कुमार त्रिपाठी ने कहा कि ललिता प्रसाद भट्ट ने अपने सेवाकाल के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं सरल व्यवहार का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने विभाग की विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं दक्षता के साथ किया। उनके अनुभव, कार्यशैली तथा सहयोगात्मक दृष्टिकोण से विभाग को सदैव लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि श्री भट्ट का विभाग के प्रति समर्पण और सकारात्मक कार्य संस्कृति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
संयुक्त निदेशक के.एस.चौहान ने बताया श्री भट्ट मेरे साथ उत्तर प्रदेश तथा उत्तराखण्ड में सहयोगी रहे है। उन्होंने कहा कि किसी विभाग की वास्तविक पूंजी उसके कर्मठ और अनुभवी कार्मिक होते हैं। श्री भट्ट का योगदान विभाग में सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने उनके स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दीं।
संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि श्री भट्ट ने विभाग में सदैव एक कुशल एवं जिम्मेदार अधिकारी के रूप में अपनी पहचान स्थापित की। उन्होंने अपने कार्यों के माध्यम से विभागीय उद्देश्यों की पूर्ति में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने उनके स्वस्थ, सक्रिय एवं सुखमय सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं।
उप निदेशक रवि विजारनिया सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए श्री भट्ट के साथ बिताए गए कार्यानुभवों को साझा किया तथा उनके सौम्य व्यक्तित्व, कार्यकुशलता एवं सहयोगी स्वभाव की सराहना की।
अपने विदाई संबोधन में ललिता प्रसाद भट्ट ने विभागीय अधिकारियों एवं सहकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सूचना विभाग में बिताया गया उनका सेवाकाल उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा। उन्होंने कहा कि विभागीय सहयोग, आत्मीयता एवं टीम भावना ने उन्हें सदैव बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


