हेमकुंड साहिब यात्रा: श्रद्धालु बोले, व्यूज के लिए उड़ाई जा रही हैं अफवाहें, यात्रा में कोई दिक्कत नहीं
हेमकुंड साहिब यात्रा पर अनुभव साझा करते श्रद्धालु।
यात्रा पूरी कर लौटे श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं पर जताया संतोष, पुलिस-प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना की
देहरादून/चमोली। हेमकुंड साहिब की यात्रा पर आए तीर्थयात्रियों ने पुलिस-प्रशासन के सहयोग की प्रशंसा करते हुए कहा है कि यात्रा सकुशल चल रही है। कुछ लोग सिर्फ सोशल मीडिया व्यूज के लिए अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
पंजाब से अपने परिवार के साथ हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए आई श्रद्धालु सुखबीर कौर ने बताया कि वह 19 जून को यात्रा पर निकली थीं। इस दौरान उन्हें कई लोगों ने यात्रा को लेकर सतर्क किया था। मंगलवार को वापसी के दौरान गोविंदघाट पहुंची सुखबीर कौर ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें पूरी यात्रा में कहीं भी किसी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ा। स्थानीय प्रशासन से लेकर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी तक सभी संस्थाएं पूरी क्षमता और समर्पण के साथ यात्रा का संचालन कर रही हैं। चिकित्सा सुविधाओं से लेकर ठहरने और भोजन तक की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। इससे स्पष्ट होता है कि कुछ लोग केवल सोशल मीडिया पर व्यूज हासिल करने के लिए यात्रा को लेकर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित कर रहे हैं। उन्होंने अन्य श्रद्धालुओं से भी हेमकुंड साहिब पहुंचकर दर्शन लाभ लेने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
यात्रा सम्पन्न कर चुके अन्य तीर्थयात्रियों ने भी अपने वीडियो संदेशों में कहा है कि यात्रा पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित हो रही है। भारी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और पुलिस-प्रशासन लगातार सहयोग कर रहा है। तीर्थयात्रियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर यात्रा को लेकर जो दावे किए जा रहे हैं, वे वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाते। हकीकत यह है कि हेमकुंड साहिब यात्रा पूर्व की भांति शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है, जिसमें स्थानीय लोगों का भी महत्वपूर्ण योगदान है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


