Nainital News: दिवाली से पहले नैनीताल पुलिस का तोहफा, 250 लोगों को लौटाए खोए मोबाइल
दिवाली से पहले खोए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खिले।
उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में चल रहे थे मोबाइल फोन, IMEI और CEIR पोर्टल की मदद से पुलिस ने खोज निकाले; SSP ने रिकवरी टीम को 2,500 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की
नैनीताल, 5 नवंबर 2026। गुम हुए मोबाइल फोन वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके 250 लोगों के चेहरे पर नैनीताल पुलिस ने मुस्कान लौटा दी है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस की मोबाइल रिकवरी टीम ने जुलाई से 4 नवंबर 2026 तक अलग-अलग शिकायतों के आधार पर 250 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 55 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। खास बात यह है कि इनमें से कई मोबाइल फोन उत्तराखंड से बाहर दूसरे राज्यों में इस्तेमाल किए जा रहे थे। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और IMEI नंबर की मदद से इनकी लोकेशन का पता लगाकर बरामदगी की कार्रवाई की और सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए।
SSP के निर्देश पर गठित टीम ने शुरू किया अभियान
नैनीताल पुलिस के अनुसार, जुलाई से 4 नवंबर 2026 तक नैनीताल पुलिस मोबाइल ऐप और CEIR पोर्टल के माध्यम से विभिन्न ब्रांड के मोबाइल फोन गुम होने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जनपद स्तर पर गठित मोबाइल ऐप सेल को गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके बाद एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन/हल्द्वानी रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा मोबाइल ऐप (साइबर सेल) प्रभारी उपनिरीक्षक मीनू गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शिकायतों पर कार्रवाई शुरू की।
कई राज्यों में तलाशे गए मोबाइल, IMEI से मिली सफलता
पुलिस टीम ने शिकायतकर्ताओं की ओर से उपलब्ध कराए गए मोबाइल फोन के IMEI नंबर के आधार पर CEIR पोर्टल के माध्यम से उनकी स्थिति और उपयोग से संबंधित जानकारी जुटाई। तकनीकी जांच और लगातार प्रयासों के बाद उत्तर प्रदेश के लखनऊ, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर सहित पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, राजस्थान, दिल्ली तथा उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से मोबाइल फोन बरामद किए गए।
बरामद किए गए मोबाइल फोन में आईफोन, सैमसंग, ओप्पो, वनप्लस, वीवो, रियलमी, रेडमी और पोको समेत कई प्रमुख कंपनियों के फोन शामिल हैं। पुलिस ने सभी 250 मोबाइल फोन उनके स्वामियों के सुपुर्द कर दिए।
आईफोन समेत 14 ब्रांड के मोबाइल बरामद
नैनीताल पुलिस की ओर से जारी विवरण के अनुसार बरामद मोबाइल फोन में आईफोन के 7, सैमसंग के 40, ओप्पो के 58, वनप्लस के 13, रियलमी के 19, वीवो के 45, मोटोरोला के 7, नोकिया का 1, इनफिनिक्स के 7, रेडमी के 23, पोको के 17, आईक्यू के 8, टेक्नो के 2 और आईटेल के 3 मोबाइल फोन शामिल हैं। इन सभी 250 मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत 55,25,000 रुपये बताई गई है।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने जताया आभार
लंबे समय से अपने गुम मोबाइल फोन की तलाश कर रहे लोगों को जब पुलिस ने उनके फोन वापस सौंपे तो उनके चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। मोबाइल स्वामियों ने नैनीताल पुलिस और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी का आभार जताया। पुलिस के इस अभियान से लोगों को आर्थिक राहत मिलने के साथ ही उनके जरूरी डिजिटल संपर्क और व्यक्तिगत डेटा तक दोबारा पहुंच बनाने में भी मदद मिली।
रिकवरी टीम को 2,500 रुपये का पुरस्कार
इस सराहनीय कार्य पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मोबाइल रिकवरी टीम की प्रशंसा करते हुए टीम को 2,500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। इस अभियान में उपनिरीक्षक मीनू गौतम, कांस्टेबल किशन सिंह कुंवर और कांस्टेबल रामचंद्र प्रजापति शामिल रहे।
नैनीताल पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और समन्वित प्रयासों के जरिए विभिन्न राज्यों से गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर एक बार फिर मोबाइल रिकवरी अभियान में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


