Uttarakhand News: दिवाली से पहले कर्मचारियों को DA तोहफा, जानिए कितनी बढ़ेगी सैलरी और एरियर
महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत बढ़ोतरी से कर्मचारियों को मिलेगा बढ़ा हुआ वेतन (प्रतीकात्मक तस्वीर)।
महंगाई भत्ता 60% से बढ़ाकर 63% किया, 1 जुलाई से मिलेगा लाभ; चार महीने का एरियर नकद भुगतान होगा।
देहरादून, 5 नवंबर 2026। उत्तराखंड की धामी सरकार ने राज्य कर्मचारियों को दिवाली से पहले बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंजूरी के बाद राज्य सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी का शासनादेश जारी कर दिया है। इसके साथ ही कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गया है। बढ़ी हुई दर 1 जुलाई 2026 से प्रभावी मानी जाएगी।
वित्त मंत्रालय, व्यय विभाग, भारत सरकार के 29 अक्टूबर 2026 के कार्यालय ज्ञाप के क्रम में राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया है। शासनादेश के अनुसार, सातवें पुनरीक्षित वेतनमान के तहत वेतन प्राप्त कर रहे राज्य के नियमित एवं पूर्णकालिक कर्मचारियों को संशोधित दर से महंगाई भत्ता अनुमन्य होगा।
इस बढ़ोतरी का लाभ केवल राज्य सरकार के कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा। सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों, शहरी स्थानीय निकायों तथा कार्य प्रभारित कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलेगा। इसके अलावा यूजीसी वेतनमान के तहत कार्यरत पात्र पदधारक भी बढ़े हुए महंगाई भत्ते के दायरे में शामिल होंगे।
चार महीने का एरियर नकद मिलेगा
शासनादेश के अनुसार, 1 जुलाई 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक की अवधि के महंगाई भत्ते की अंतर राशि पात्र कर्मचारियों को एरियर के रूप में नकद भुगतान की जाएगी। यानी कर्मचारियों को जुलाई से अक्टूबर तक बढ़े हुए महंगाई भत्ते का बकाया भी मिलेगा।
सरकार के इस फैसले से प्रदेश के हजारों पात्र कर्मचारियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


