Haridwar Road Accident: रुड़की में दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, तीन युवकों की दर्दनाक मौत
रुड़की में दो बाइकों की आमने-सामने की भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौत और दो गंभीर घायल
रुड़की-कलियर कांवड़ पटरी मार्ग पर देर रात हुआ भीषण हादसा, तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में तीन युवकों की मौत; दो गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर, पुलिस हादसे की जांच में जुटी।
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद अंतर्गत रुड़की क्षेत्र में सोमवार रात करीब 10:45 बजे हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों मोटरसाइकिलें तेज रफ्तार में थीं। जैसे ही बाजूहेड़ी गांव के पास दोनों बाइक आमने-सामने आईं, जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार कई फीट दूर जा गिरे और दोनों मोटरसाइकिलों के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों की मदद में जुट गए।
तीन युवकों की मौत, दो की हालत नाजुक
सूचना मिलते ही सिविल लाइन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने राजा और जसवीर को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दीपक कुमार ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
गंभीर रूप से घायल ज्ञानू को हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि शिवम को बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
ये हैं हादसे के शिकार युवक
पुलिस के अनुसार बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर सवार राजा (19), शिवम (19) और जसवीर (24) निवासी लक्सर क्षेत्र पिरान कलियर से रुड़की की ओर आ रहे थे।
दूसरी बाइक पर उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी ज्ञानू (27) और दीपक कुमार (25) सवार थे। हादसे में राजा, जसवीर और दीपक की मौत हो गई, जबकि ज्ञानू और शिवम गंभीर रूप से घायल हैं।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि शुरुआती जांच में दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर सामने आ रही है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इलाके में पसरा मातम
इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है। देर रात अस्पताल और घटनास्थल पर परिजनों तथा ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। एक ही हादसे में तीन युवकों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जिन घरों में सोमवार रात तक हंसी-खुशी का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। हर किसी की जुबान पर सिर्फ यही सवाल है कि आखिर तेज रफ्तार ने तीन जिंदगियां क्यों छीन लीं।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


