Haldwani Crime: 48 घंटे में दो बड़ी चोरियों का खुलासा, लाखों का सामान बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया
घर और बेस अस्पताल में हुई चोरी का पुलिस ने किया पर्दाफाश, सीसीटीवी व तकनीकी जांच से मिली सफलता; एसएसपी ने टीम को ₹1,500 पुरस्कार देने की घोषणा
हल्द्वानी,10 जुलाई 2026: पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य का चोरी किया गया सामान भी बरामद किया है। दोनों मामलों का खुलासा सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मैनुअल जांच के आधार पर किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पहला मामला रामपुर रोड स्थित बेड़ापोखरा, देवलचौड़ निवासी हेमंत सिंह के मकान में हुई चोरी का है। 8 जुलाई 2026 को दर्ज कराई गई तहरीर में बताया गया कि अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर डेल कंपनी का लैपटॉप, 42 इंच की एलईडी टीवी, सोनी एंड्रॉयड मोबाइल, हैवेल्स का सीलिंग फैन, मंदिर की पीली धातु की मूर्तियां, झूले (पेंडिन), तांबे की आचमनी तथा अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। इस संबंध में कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया।
दूसरा मामला सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय हल्द्वानी का है। अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. खड़क सिंह दलाल की तहरीर पर अस्पताल परिसर में लगे स्प्लिट एसी के आउटडोर यूनिट से कॉपर पाइप चोरी होने का मुकदमा दर्ज किया गया था।
दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी व मैनुअल जांच के आधार पर दोनों मामलों का सफल खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी रितिक बिष्ट उर्फ गोलू निवासी धारानौला, अल्मोड़ा के कब्जे से चोरी की गई 42 इंच की एलईडी टीवी, डेल लैपटॉप, सोनी एंड्रॉयड मोबाइल, मंदिर की चार पीली धातु की मूर्तियां, एक आसन, दो पीली धातु के झूले (पेंडिन), तांबे की आचमनी तथा हैवेल्स का सीलिंग फैन बरामद किया। वहीं दूसरे आरोपी ऋषभ अग्रवाल निवासी फूलबट्टा, किच्छा रोड, ऊधम सिंह नगर की गिरफ्तारी के बाद बेस चिकित्सालय से चोरी किए गए एसी के कॉपर पाइप भी बरामद कर लिए गए।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी रितिक बिष्ट के खिलाफ चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस सफल कार्रवाई में चौकी प्रभारी टीपी नगर उपनिरीक्षक मनोज कुमार, चौकी प्रभारी मंगलपड़ाव उपनिरीक्षक दीपक सिंह कार्की, हेड कांस्टेबल इसरार नबी (सीसीटीवी विश्लेषण), कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी, कांस्टेबल धीरेन्द्र सिंह अधिकारी और कांस्टेबल अनिल टम्टा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने दोनों मामलों का त्वरित खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए उनके उत्साहवर्धन के लिए 1,500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


