Dehradun Weather: भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के बीच कल सभी स्कूल बंद, DM ने जारी किया आदेश
भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए देहरादून में 31 अगस्त को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद।
31 अगस्त को देहरादून में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, कक्षा 1 से 12 तक स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
देहरादून, 30 अगस्त 2026। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। पहाड़ से लेकर मैदान तक रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। मौसम की वर्तमान स्थिति और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए देहरादून जिले में 31 अगस्त को कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी देहरादून की ओर से जारी आदेश के अनुसार, छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है। जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ आंगनबाड़ी केंद्र सोमवार को बंद रहेंगे। संबंधित अधिकारियों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
देहरादून में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में 1 सितंबर तक मानसून की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। 31 अगस्त को देहरादून में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज से अत्यंत तेज वर्षा के दौर की संभावना को देखते हुए जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से भारी बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है।
प्रदेश के इन जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट
देहरादून के अलावा बागेश्वर, चमोली और नैनीताल में भी 31 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज वर्षा होने की संभावना है।
प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी
भारी बारिश की चेतावनी के बीच देहरादून जिला प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ा दी है। जलभराव, सड़क अवरोध और अन्य आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


