Dehradun News: गौकशी के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, एक को लगी गोली; साथी फरार
पुलिस मुठभेड़ में घायल आरोपी बदमाश प्रेमनगर अस्पताल में भर्ती।
टी-स्टेट में चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में इरशाद घायल; तमंचा, बाइक और गौकशी के उपकरण बरामद
देहरादून, 15 नवंबर 2026। राजधानी देहरादून में गौकशी की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार देर रात ठाकुरपुर रोड स्थित टी-स्टेट क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बाइक सवार दो संदिग्धों के बीच मुठभेड़ हो गई। आरोपियों की ओर से पुलिस टीम पर फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए प्रेमनगर अस्पताल में भर्ती कराया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें कॉम्बिंग कर रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन प्रहार के तहत रविवार देर रात ठाकुरपुर रोड स्थित टी-स्टेट के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे रुकने के बजाय पुलिस को पिस्तौल दिखाकर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। दरू चौक से मीठीबेरी की ओर टी-स्टेट क्षेत्र में पहुंचने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपी की पहचान इरशाद (32) पुत्र मोहम्मद जमशेद निवासी ग्राम खजुनावर, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं, उसका साथी शमीम निवासी ग्राम गंदेबड़ा, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, घायल इरशाद इसी महीने प्रेमनगर थाना क्षेत्र के टी-स्टेट और बिधौली रोड पर हुई गौकशी की घटनाओं में संलिप्त रहा है। मुठभेड़ की सूचना पर एसपी सिटी शेखर सुयाल सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही प्रेमनगर अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी ली।
तमंचा, बाइक और गौकशी के उपकरण बरामद
पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल (यूके 17 जे 0297), एक कुल्हाड़ी, दो छुरी और एक रस्सी बरामद की है। पुलिस फरार आरोपी शमीम की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ क्षेत्र में कॉम्बिंग कर रही है। घायल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


