Almora News: चलती कार बनी आग का गोला, छह लोगों ने कूदकर बचाई जान
रानीखेत-हल्द्वानी मार्ग पर चाइना व्यू के पास आग की चपेट में आई कार।
रानीखेत-हल्द्वानी मार्ग पर चाइना व्यू से दो किमी आगे हुआ हादसा, करनाल निवासी छह लोगों ने समय रहते बचाई जान।
अल्मोड़ा , 15 नवंबर 2026: रानीखेत-हल्द्वानी मार्ग पर एक चलती कार में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। मॉलरोड स्थित चाइना व्यू से करीब दो किलोमीटर आगे हुए इस हादसे में कार सवार छह लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। सभी छह लोग हरियाणा के करनाल निवासी बताए जा रहे हैं। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, हालांकि आग ने देखते ही देखते पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के करनाल निवासी छह लोग रेनो ट्राइबर कार (HR 05BJ 7012) से रानीखेत की ओर आ रहे थे। देर रात जब उनकी कार रानीखेत-हल्द्वानी मार्ग पर मॉलरोड स्थित चाइना व्यू से करीब दो किलोमीटर आगे पहुंची, तभी अचानक उसमें आग लग गई। शुरुआती दौर में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और पूरी कार धू-धूकर जलने लगी।
कार में आग लगते ही सवार लोगों में अफरातफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए सभी छह लोग तत्काल कार से बाहर निकल आए। इसके बाद घटना की सूचना आपातकालीन नंबर 112 पर दी गई।
सूचना मिलते ही रानीखेत अग्निशमन केंद्र की टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी रानीखेत गणेश चंद्र ने बताया कि वाहन में आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया। रेस्क्यू अभियान में अग्निशमन कर्मी नरेश जोशी, संदीप सिंह, महिपाल सिंह और रमेश सिंह शामिल रहे।
पुलिस और दमकल विभाग के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सीएनजी वाहन के ओवरहीट होने और शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। हादसे में सभी छह लोगों के सुरक्षित बचने से बड़ा हादसा टल गया।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


