Nainital News: नंबर प्लेट छिपाने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 244 वाहनों के चालान
नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वालों पर नैनीताल पुलिस की सख्ती
नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर पहचान छिपाने वालों पर सख्ती, एक कार का 10,500 रुपये का चालान; मोटरसाइकिल सीज
नैनीताल, 14 नवंबर 2026। जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत पुलिस ने 244 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 53,500 रुपये का जुर्माना वसूला।
एसपी क्राइम/यातायात डॉ. जगदीश चंद्र और एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस एवं थाना पुलिस की ओर से जिलेभर में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान वाहनों की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर पहचान छिपाने के मामले भी सामने आए। एक मोटरसाइकिल की पिछली नंबर प्लेट हटाकर वाहन चलाया जा रहा था। इस पर पुलिस ने संबंधित वाहन का चालान करने के साथ उसे सीज कर दिया।
वहीं, एक कार की आगे लगी फैंसी नंबर प्लेट पर जानबूझकर नींबू-मिर्ची लगाकर रजिस्ट्रेशन नंबर छिपाया गया था। पुलिस ने इसे वाहन की पहचान छिपाने का प्रयास मानते हुए संबंधित कार का 10,500 रुपये का चालान किया।
नैनीताल पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही नंबर प्लेट लगाएं। वाहन की पहचान छिपाने अथवा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


