Pauri Garhwal News: भालू के हमले में महिला की मौत, परिवार में पसरा मातम
भालू के हमले में 52 वर्षीय महिला की मौत से गांव में शोक का माहौल।
घास लेने जंगल गई 52 वर्षीय महिला पर भालू ने किया हमला, कोटद्वार बेस अस्पताल में तोड़ा दम।
पौड़ी गढ़वाल, 15 नवंबर 2026। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष की एक और दुखद घटना सामने आई है। पौड़ी जिले के चरेख गांव में जंगल में घास लेने गई 52 वर्षीय महिला पर भालू ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। साथ गई महिलाओं ने शोर मचाकर भालू को भगाया, लेकिन महिला की जान नहीं बच सकी। मृतका की पहचान अंजना देवी पत्नी बनवीर सिंह के रूप में हुई है। वह आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें जंगल से सड़क तक लेकर आए। इसके बाद एंबुलेंस से कोटद्वार बेस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर जंगल से घास और चारा लेने जाने वाली महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घास लेने जंगल गई महिला पर अचानक किया हमला
जानकारी के मुताबिक, लैंसडौन वन प्रभाग की कोटद्वार रेंज के अंतर्गत चरेख गांव निवासी 52 वर्षीय महिला विगत दिवस गांव के समीप जंगल में घास लेने गई थी। इसी दौरान अचानक भालू ने उस पर हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि महिला बुरी तरह घायल हो गई। साथ मौजूद अन्य महिलाओं ने शोर मचाकर भालू को वहां से भगाया।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, क्षेत्र में दहशत
घटना की सूचना मिलने पर कोटद्वार रेंज के अधिकारी विपिन जोशी वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। परिजन और ग्रामीण घायल महिला को जंगल से सड़क तक लेकर आए और एंबुलेंस की मदद से कोटद्वार बेस अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है वहीं परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों में जंगल से घास और चारा लेने जाने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का सवाल है कि रोजमर्रा की जरूरतों के लिए जंगल जाने वाली महिलाओं को वन्यजीवों के हमलों से सुरक्षित रखने के लिए प्रभावी कदम कब उठाए जाएंगे।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


