चम्पावत: टनकपुर–बनबसा में ₹150 करोड़ की बिजली परियोजना पर तेजी, 24×7 आपूर्ति का लक्ष्य
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल, 220/33 केवी जीआईएस उपसंस्थान से दूर होगी लो वोल्टेज और कटौती की समस्या
चम्पावत , 21 अप्रैल 2026। नेपाल सीमा से सटे टनकपुर–बनबसा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए राज्य सरकार द्वारा ₹150.40 करोड़ की महत्वपूर्ण ऊर्जा अवसंरचना परियोजना पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। यह परियोजना मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा संख्या 646/2023 के अंतर्गत स्वीकृत की गई है।
परियोजना के तहत 220/33 केवी जीआईएस (गैस इंसुलेटेड सब-स्टेशन) उपसंस्थान की स्थापना की जा रही है, जिससे क्षेत्र की वर्षों पुरानी विद्युत समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा। परियोजना पूर्ण होने के बाद टनकपुर और बनबसा क्षेत्र में प्रत्येक घर तक निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराई जाएगी।
विशेष रूप से लो वोल्टेज की समस्या से राहत मिलेगी, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भी लाभ होगा। साथ ही, विश्वसनीय बिजली आपूर्ति से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
इस परियोजना का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि इससे सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और सेना को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी, जिससे सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
नियोजन विभाग की तकनीकी सलाहकार समिति (टीएसी) द्वारा परियोजना की औचित्यपूर्णता को स्वीकार करते हुए ₹150.40 करोड़ की लागत को मंजूरी दी जा चुकी है। प्रारंभिक कार्यों के लिए ₹3 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
बनबसा स्थित उपसंस्थान की भौतिक प्रगति वर्तमान में लगभग 25 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। आवश्यक जीआईएस उपकरणों की आपूर्ति पहले ही सुनिश्चित कर ली गई है, जिससे निर्माण कार्य में तेजी बनी हुई है।
परियोजना के तहत वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को भी प्राथमिकता दी जा रही है। पावर ट्रांसमिशन निगम लिमिटेड (पिटकुल) द्वारा ₹6.02 करोड़ की धनराशि वन विभाग को जमा कराई जा चुकी है।
इसके समानांतर 220 केवी टनकपुर–सीबी गंज लिलो लाइन का कार्य भी तेजी से प्रगति पर है, जो इस उपसंस्थान को मुख्य ग्रिड से जोड़कर बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता को और मजबूत करेगा।
परियोजना के पूर्ण होने पर टनकपुर–बनबसा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की स्थिति में व्यापक सुधार होगा और यह सीमांत जनपद चम्पावत के विकास, औद्योगिक विस्तार एवं जनजीवन की गुणवत्ता में महत्वपूर्ण बदलाव लाने में सहायक सिद्ध होगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


