उत्तराखंड: फर्जी डॉक्टर का बड़ा भंडाफोड़, आयुर्वेदिक दवा के नाम पर फर्जीवाड़ा; अवैध हथियार और वन्यजीव अंग बरामद
उधम सिंह नगर के दिनेशपुर में एसडीएम ने मरीज बनकर किया खुलासा, छापेमारी में भारी मात्रा में दवाइयां, मशीनें और कारतूस बरामद
उधम सिंह नगर। दिनेशपुर थाना क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आयुर्वेदिक दवाओं के नाम पर चल रहे एक बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ किया है। गदरपुर की उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह ने मरीज बनकर जांच की और आरोपी तक पहुंच बनाई। जांच में सामने आया कि कथित डॉक्टर बिना किसी वैध डिग्री के लंबे समय से लोगों का इलाज कर रहा था और आयुर्वेदिक दवाओं के नाम पर एलोपैथिक दवाओं की मिलावट कर मरीजों को दे रहा था, जिससे लोगों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ हो रहा था।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया को मिल रही शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई। एसडीएम ऋचा सिंह खुद शुगर की मरीज बनकर आरोपी के पास पहुंचीं और दवा ली, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस, ड्रग इंस्पेक्टर, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी और जीएसटी विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। मौके से आयुर्वेदिक दवाओं के पैकेट, करीब 60 हजार एलोपैथिक शुगर की गोलियां, विटामिन डी की दवाएं, खाली पैकेट और दवाओं को पीसने की मशीनें बरामद की गईं।
जांच के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी मिले। इसके अलावा बारहसिंघा के सींग बरामद होने पर वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया है। प्रशासन के अनुसार आरोपी का नेटवर्क काफी बड़ा था और वह दवाइयां देश के साथ-साथ विदेशों तक भेज रहा था। फिलहाल आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच जारी है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


