Chamoli News: उत्तराखंड का एक और वीर सपूत देश की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त
देश की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए नायब सूबेदार विश्वनाथ प्रताप सिंह गड़िया।
24 वर्षों तक भारतीय सेना में दी सेवाएं, उरी सेक्टर में हृदय गति रुकने से हुआ निधन; मुख्यमंत्री धामी ने जताया गहरा शोक
चमोली। देवभूमि उत्तराखंड का एक और वीर सपूत देश की सेवा करते हुए वीरगति को प्राप्त हो गया। भारतीय सेना की 11 गढ़वाल राइफल्स में तैनात चमोली जनपद के देवाल विकासखंड स्थित हरमल गांव निवासी नायब सूबेदार विश्वनाथ प्रताप सिंह गड़िया का जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में निधन हो गया। वे मातृभूमि की रक्षा करते हुए करीब 24 वर्षों से भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके निधन का कारण हृदय गति रुकना बताया गया है।
नायब सूबेदार विश्वनाथ प्रताप सिंह के निधन की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव हरमल सहित पूरे चमोली जनपद में शोक की लहर दौड़ गई। उनके पार्थिव शरीर को हरिद्वार लाया गया, जहां 30 अक्टूबर को सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। देश की सेवा में अपना जीवन समर्पित करने वाले वीर सैनिक को अंतिम विदाई देने के दौरान माहौल गमगीन रहा।
विश्वनाथ प्रताप सिंह का परिवार भी सैन्य पृष्ठभूमि से जुड़ा है। उनके पिता देव सिंह गड़िया भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनके दोनों बड़े भाई नरेंद्र सिंह और प्रवीण सिंह भी सेना में सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनके परिवार में माता नारायणी देवी, पत्नी जानकी देवी, सात वर्षीय बेटी शानवी और चार वर्षीय बेटा श्रेयांश हैं। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी नायब सूबेदार विश्वनाथ प्रताप सिंह गड़िया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में मातृभूमि की रक्षा करते हुए भारतीय सेना की 11 गढ़वाल राइफल्स में तैनात चमोली जनपद के हरमल गांव निवासी नायब सूबेदार विश्वनाथ प्रताप सिंह गड़िया के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
चमोली पुलिस ने भी वीर सैनिक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। पुलिस ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


