चंपावत: पंचेश्वर में सरयू तट पर लग्जरी ग्लैम्पिंग साइट को 48.72 लाख की स्वीकृति — सीमांत क्षेत्र में पर्यटन विकास को नई उड़ान
Champawat News- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में “आदर्श जनपद 2030” योजना के अंतर्गत चम्पावत जिले में पर्यटन विकास को सुदृढ़ करने हेतु एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पंचेश्वर क्षेत्र के ग्राम पंथ्युड़ा में सरयू नदी तट पर आधुनिक एवं लग्जरी ग्लैम्पिंग साइट विकसित करने की महत्वाकांक्षी परियोजना को शासन से औपचारिक स्वीकृति प्राप्त हो गई है।
पर्यटन अनुभाग द्वारा कार्यदायी संस्था कुमाऊँ मण्डल विकास निगम (KMVN) द्वारा तैयार किए गए आगणन के आधार पर ₹48.72 लाख (अड़तालीस लाख बहत्तर हजार) की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
यह निर्णय पंचेश्वर जैसे दूरस्थ, प्राकृतिक संपदा से समृद्ध और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र में पर्यटन को नई धार देने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करने में सहायक सिद्ध होगा।
प्रस्तावित ग्लैम्पिंग साइट में पर्यटकों के लिए प्राकृतिक वातावरण के बीच उच्च स्तरीय आवास, सरयू नदी के तट का आकर्षक दृश्य, शांत, स्वच्छ और पर्यावरणीय रूप से अनुकूल परिवेश तथा साहसिक गतिविधियों (एडवेंचर टूरिज्म) का विशेष अनुभव उपलब्ध कराया जाएगा।
इस परियोजना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर, क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों का विस्तार, तथा चम्पावत को सस्टेनेबल टूरिज्म के उभरते मॉडल के रूप में स्थापित करने को मजबूती मिलेगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा
“सरयू नदी तट पर विकसित होने वाली यह लग्जरी ग्लैम्पिंग साइट कुमाऊँ के सीमांत क्षेत्रों में इको-टूरिज्म एवं एडवेंचर टूरिज्म को नई ऊर्जा प्रदान करेगी। यह पहल न केवल पर्यटन को गति देगी, बल्कि माननीय मुख्यमंत्री जी की घोषणाओं को धरातल पर उतारते हुए स्थानीय आजीविका को भी मजबूत करेगी।”

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


