Haldwani News: सरस मेले में सीडीओ ने की 37,325 रुपये की खरीदारी, महिला समूहों को बढ़ावा
सरस मेले में परिवार सहित स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करते सीडीओ अरविंद कुमार पाण्डेय।
परिवार सहित मेले में पहुंचे सीडीओ अरविंद कुमार पाण्डेय, स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों के हस्तशिल्प की खरीदारी कर किया प्रोत्साहित।
हल्द्वानी, 26 नवंबर 2026। महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को प्रोत्साहित करने और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की पहल को आगे बढ़ाते हुए मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय गुरुवार को परिवार सहित सरस मेले पहुंचे। उन्होंने मेले में विभिन्न स्टॉलों से कुल 37,325 रुपये की खरीदारी की। इस दौरान उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक हस्तशिल्प सामग्री में विशेष रुचि दिखाई।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि लोकल फॉर वोकल की भावना को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक हस्तशिल्प को अधिक से अधिक बाजार उपलब्ध कराना जरूरी है। इससे महिला स्वयं सहायता समूहों की आय बढ़ेगी और महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में सरस मेले में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करें और महिला स्वयं सहायता समूहों के प्रयासों को प्रोत्साहित करें।
ड्राई फ्रूट से पहाड़ी नमक तक, आकर्षित कर रहे उत्पाद
सरस मेले में देश के विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक और स्थानीय उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां ड्राई फ्रूट, काष्ठ शिल्प के साथ उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पाद झंगोरा, मंडुवा, लाल चावल, विभिन्न प्रकार की बड़ियां, पहाड़ी नमक और बद्री गाय का देशी घी उपलब्ध हैं। इसके अलावा हस्तनिर्मित कपड़े, शॉल और अन्य हस्तशिल्प उत्पाद भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।
खरीदारी के साथ मनोरंजन की भी व्यवस्था
सरस मेले में खरीदारी के साथ बच्चों और बड़ों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूलों की व्यवस्था भी की गई है। मेला स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार और बिक्री के साथ महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के विपणन के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करा रहा है। इससे समूहों को अपने उत्पादों की पहचान बढ़ाने और नए बाजारों तक पहुंच बनाने का अवसर मिल रहा है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


