हल्द्वानी: सर्पदंश से महिला की मौत , परिवार में मचा कोहराम
हल्द्वानी। सर्पदंश की शिकार महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। सर्पदंश से पीड़ित एक 23 वर्षीय महिला ने हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेजा है। मायके पक्ष के लोगों के आने के बाद और मजिस्ट्रेट की निगरानी में पोस्टमार्टम किया जाएगा। घटना के बाद मृतक महिला के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, 11 जुलाई की रात को किच्छा में रीता देवी नामक 23 वर्षीय महिला को सोते समय सांप ने डस लिया था। परिजन उन्हें तुरंत किच्छा के एक अस्पताल ले गए, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रुद्रपुर रेफर कर दिया गया। रुद्रपुर में भी जब महिला की हालत बिगड़ने लगी, तो परिजनों ने उन्हें हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन तीन अस्पतालों के चक्कर काटने के बाद भी रीता देवी को बचाया नहीं जा सका और उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
बताया जा रहा है मृतका रीता देवी का मायका उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में है। उनके पति अमित चौधरी किच्छा में प्राइवेट नौकरी करते हैं और अपनी पत्नी रीता देवी व माँ के साथ वहीं रहते थे। अमित और रीता की शादी दो साल पहले हुई थी।
अमित के मुताबिक, शुक्रवार रात सभी लोग सो रहे थे। रात करीब ढाई बजे रीता को सांप ने डस लिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर सास कमरे की ओर गईं तो एक सांप को दरवाजे से बाहर जाते देखा। इसके बाद रीता को आनन-फानन में किच्छा के अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उन्हें रुद्रपुर और फिर एसटीएच रेफर किया गया।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आज होगा पोस्टमार्टम
पुलिस ने बताया कि शादी को दो वर्ष पूरे न होने के कारण महिला का पोस्टमार्टम मायके वालों के आने के बाद और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में होगा। पुलिस ने महिला के मायके वालों को सूचित कर दिया है। बताया जा रहा है कि रविवार को मायके वाले हल्द्वानी पहुंच जाएंगे, जिसके बाद महिला का पोस्टमार्टम किया जाएगा। महिला की मौत के बाद परिवार में रो-रोकर बुरा हाल है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


