मौसम अलर्ट: उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी का दौर जारी, कई इलाकों में असर; कल कैसा रहेगा मौसम
पर्वतीय जिलों में भारी हिमपात, मैदानी क्षेत्रों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने का खतरा; कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। प्रदेशभर में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार हिमपात हो रहा है। खासकर उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जैसे पर्वतीय जिलों में बारिश के साथ बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मैदानी क्षेत्रों में भी आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर तेज
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा, जिससे मौसम में यह बदलाव बना रहेगा। इसके प्रभाव से राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी।
चारधाम में बर्फ की मोटी परत
प्रदेश के चारों धाम—यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ—में लगातार दूसरे दिन भी भारी बर्फबारी दर्ज की गई है। बद्रीनाथ धाम में करीब दो फीट तक बर्फ जम चुकी है, जिससे पूरा क्षेत्र सफेद चादर से ढक गया है और आसपास का दृश्य बेहद मनमोहक हो गया है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। खराब मौसम को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
पहाड़ों में बर्फबारी का व्यापक असर
सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी हिमपात हुआ है। लिपुलेख, ओम पर्वत और नंदा देवी क्षेत्र बर्फ की मोटी चादर से ढक गए हैं। लिपुलेख में करीब तीन फीट, नावीढांग में ढाई फीट, जबकि गुंजी, नाबी, कुटी और छियालेख क्षेत्रों में दो से तीन फीट तक बर्फ जमी है। ज्योलिंगकोंग क्षेत्र में तीन से चार फीट तक हिमपात दर्ज किया गया है।
धारचूला की व्यास और चौदास घाटियों में लगातार बर्फबारी जारी है, जबकि दारमा घाटी में भारी हिमपात के कारण बालिंग से आगे मार्ग बंद हो गया है। मुनस्यारी क्षेत्र की जौहार घाटी में मिलम तक लगातार बर्फबारी हो रही है। वहीं थल-मुनस्यारी मार्ग पर भी यातायात प्रभावित हो रहा है। लगातार बारिश और हिमपात के चलते तापमान में गिरावट आई है, जिसका असर बाजारों और आम जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है।
कल का मौसम (21 मार्च)
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा होने के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। इन क्षेत्रों में 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी जारी रह सकती है। वहीं देहरादून, टिहरी और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
सावधानी जरूरी
खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने, ऊंचाई वाले इलाकों में जाने से परहेज करने और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की गई है। साथ ही प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना जरूरी बताया गया है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


