Uttarakhand: यहां झरने के पानी संग गिरा पेड़, हादसे में दो लोगों की मौत

Dehradun News- उत्तराखंड के देहरादून जिले से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है , यहां चकराता के टाइगर फॉल में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ से झरने के साथ बहकर आए पेड़ के नीचे दबने से एक महिला पर्यटक समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि आसपास नहा रहे तीन पर्यटकों को हल्की खरोंचें आई हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार को चकराता के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल टाइगर फाॅल के नीचे कुछ पर्यटक और स्थानीय लोग नहा रहे थे। दोपहर करीब ढाई बजे झरने के पानी के साथ पहाड़ी से एक बड़ा पेड़ उनके ऊपर आकर गिर गया। चकराता के सुजोऊ गांव निवासी गीताराम जोशी (48) पुत्र तुलसीराम जोशी और दिल्ली की शाहदरा निवासी अलका आनंद (55) पत्नी गोविंद आनंद पेड़ के नीचे दब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को पेड़ के नीचे से निकाला और 108 एंबुलेंस से सीएचसी चकराता भेजा। यहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी चकराता चंद्रशेखर नौटियाल ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है। बताया कि मृतक गीताराम जोशी सेलाकुई में एक कंपनी में कार्य करते थे। वह पत्नी और बेटी के साथ घूमने के लिए चकराता आए थे। वहीं, अलका आनंद अपनी बेटी और उसके मंगेतर के साथ चकराता घूमने आई थीं। इनके अलावा आसपास नहा रहे तीन अन्य पर्यटकों को पेड़ की टहनियों से खरोंचें आई हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें