Uttarakhand Crime: रामनगर के होटल में स्कूल ड्रेस में मिलीं दो नाबालिग छात्राएं, दो युवक हिरासत में, होटल सील
रामनगर के हिम्मतपुर डोटियाल क्षेत्र में होटल पर पुलिस की छापेमारी, अवैध हुक्का बार भी उजागर; प्रशासन सख्त, जांच जारी
नैनीताल। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। शनिवार को हिम्मतपुर डोटियाल स्थित एक होटल के कमरे में दो नाबालिग छात्राएं स्कूल ड्रेस में संदिग्ध परिस्थितियों में पाई गईं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने मौके से दो युवकों को हिरासत में लिया, जिनमें एक मुस्लिम युवक भी शामिल बताया जा रहा है। सभी को कोतवाली ले जाया गया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, होटल प्रबंधन द्वारा बिना किसी पहचान पत्र (ID) की जांच किए ही कमरे उपलब्ध कराए गए थे, जिससे गंभीर लापरवाही सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित होटल को सील कर दिया है और सीसीटीवी फुटेज तथा डीवीआर को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष मदन जोशी की सक्रियता के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र के कुछ होटलों और होम स्टे में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने यह भी बताया कि पकड़ी गई छात्राएं शहर के एक प्रतिष्ठित इंटर कॉलेज की बताई जा रही हैं। मदन जोशी ने स्कूल प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जो छात्राएं अनुपस्थित रहती हैं, उनके अभिभावकों को तुरंत सूचना दी जानी चाहिए।
इधर, जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि संबंधित होटल में अवैध रूप से हुक्का बार संचालित किया जा रहा था, जिसे पुलिस ने सीज कर दिया है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) सुमित पांडे ने बताया कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। युवकों की भूमिका, होटल प्रबंधन की लापरवाही और अन्य संभावित पहलुओं की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


